टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी 4 मुकाबले जीतकर सुपर 8 में अपनी जगह पक्की की थी। लेकिन सुपर 8 के पहले ही मैच में टीम को साउथ अफ्रीका के हाथों हार का सामना करना पड़ा, जिससे टीम की बल्लेबाजी पर सवाल उठने लगे। भारतीय बल्लेबाज अफ्रीकी गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते नजर आए और किसी भी बल्लेबाज ने रंग नहीं जमाया।
टीम के ताबड़तोड़ सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का फॉर्म भी चिंता का कारण बना हुआ है। इस पर टीम इंडिया के दिग्गज सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने सुझाव दिया है कि शर्मा को इस मैच से ब्रेक देना चाहिए।
सहवाग ने क्रिकबज से बातचीत में कहा, “अगर मैं होता तो अभिषेक शर्मा को एक ब्रेक देता और उनकी जगह संजू सैमसन को मौका देता। जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच इस ट्रायल के लिए आखिरी अवसर है। इस मैच में फॉर्म में चल रहे 11 खिलाड़ियों को मैदान में उतारना चाहिए।”
अभिषेक शर्मा ने इस टूर्नामेंट में अब तक 4 मैच खेले हैं, जिनमें 3 में वह बिना खाता खोले ही आउट हुए, जबकि एक मैच में उन्होंने 15 रन बनाए। वहीं, संजू सैमसन को अब तक केवल एक ही मैच में खेलने का मौका मिला है, जिसमें उन्होंने 8 गेंदों का सामना करते हुए 22 रन बनाए थे।
सहवाग ने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव की भी सलाह दी। उनके अनुसार, “सूर्यकुमार यादव को नंबर 3 पर बल्लेबाजी करनी चाहिए, जबकि तिलक वर्मा नंबर 4 पर आएं। इससे लेफ्ट-राइट हैंड कॉम्बिनेशन सही रहेगा और बल्लेबाज खुलकर खेल सकेंगे। फिलहाल टीम दबाव में खेल रही है और बल्लेबाज आउट होने का डर महसूस कर रहे हैं।”


