भागलपुर, 08 जुलाई 2025 — मुहर्रम के अवसर पर सोमवार सुबह ताजिया के पहलाम के दौरान भागलपुर शहर में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। खंजरपुर ताजिया जुलूस में शामिल लोगों द्वारा आरोप लगाया गया कि उनके ताजिया में तोड़फोड़ की गई और पथराव किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही हबीबपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर पंकज कुमार राउत ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज की गई है, जिसमें दर्जन भर लोगों को नामजद किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
रविवार को नवगछिया और लोदीपुर में भी हुए थे विवाद
इसी क्रम में रविवार को भी मुहर्रम के जुलूस के दौरान नवगछिया और लोदीपुर के उस्तू गांव में जुलूस में शामिल लोगों के बीच मारपीट की घटनाएं हुई थीं। इन मामलों को लेकर भी पुलिस सक्रिय है।
रेंज आईजी विवेक कुमार ने बताया कि मुहर्रम के अवसर पर हुए किसी भी प्रकार के अवांछनीय घटनाक्रम पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को सावधानी और संवेदनशीलता के साथ काम करने का निर्देश दिया है।


