
भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने एक बार फिर विश्व क्रिकेट में अपनी बादशाहत साबित कर दी है। साल 2026 के वर्ल्ड कप फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों के बड़े अंतर से हराकर छठी बार खिताब अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। पंजाब से लेकर महाराष्ट्र तक खिलाड़ियों के घरों के बाहर आतिशबाजी हुई और क्रिकेट प्रेमियों ने टीम इंडिया की जीत का जोरदार स्वागत किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम को बधाई देते हुए कहा,
“हमारी अंडर-19 टीम पर गर्व है, जिसने वर्ल्ड कप घर लाया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया और बेहतरीन स्किल का प्रदर्शन किया। यह जीत देश के लाखों युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी। सभी खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसे युवा भारत के साहस और समर्पण की जीत बताया, वहीं पूर्व कप्तान विराट कोहली ने भी टीम को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
वैभव सूर्यवंशी का ऐतिहासिक धमाका
फाइनल मुकाबले के सबसे बड़े हीरो बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया। वैभव ने सिर्फ 80 गेंदों में 175 रनों की अविश्वसनीय पारी खेली। इस दौरान उन्होंने फाइनल में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर, एक पारी में सर्वाधिक छक्के और 55 गेंदों में दूसरी सबसे तेज सेंचुरी का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
उनकी इस जादुई पारी के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई दिग्गज नेताओं ने उन्हें बिहार की शान और देश का गौरव बताया।
महाराष्ट्र से पंजाब तक जीत का जश्न
भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद महाराष्ट्र के विरार में कप्तान आयुष म्हात्रे के घर पर दिवाली जैसा माहौल दिखा। आयुष की मां ने अपने बेटे की मेहनत को याद करते हुए भावुक होकर खुशी जाहिर की। खिलाड़ी उद्धव मनीष मोहन के पिता ने भी टीम के प्रदर्शन पर गर्व जताया।
पंजाब में विहान मल्होत्रा के घर के बाहर भी क्रिकेट प्रशंसकों ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। विहान के पिता मनोज मल्होत्रा ने कहा कि उनके बेटे ने पूरे टूर्नामेंट में टीम के लिए अहम योगदान दिया है और स्वदेश लौटने पर उसका भव्य स्वागत किया जाएगा।


