लोकसभा में हंगामा: आसन की ओर कागज फेंकने पर 8 विपक्षी सांसद निलंबित

नई दिल्ली।लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। आसन के पास जाकर कागज उछालने और सदन की गरिमा भंग करने के आरोप में आठ विपक्षी सांसदों को बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया है। इनमें सात कांग्रेस और एक माकपा (सीपीआई-एम) के सांसद शामिल हैं।

राहुल गांधी के बयान के बाद बिगड़ा माहौल

सदन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चर्चा के दौरान पूर्व थलसेना प्रमुख एमएम नरवणे की एक अप्रकाशित पुस्तक का हवाला दिया। इस पर सभापति ने आपत्ति जताते हुए उन्हें टोक दिया। इसके बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के सदस्यों को बोलने के लिए पुकारा, लेकिन दोनों दलों के सदस्यों ने बोलने से इनकार कर दिया।

आसन के पास पहुंचे सांसद, फाड़े कागज

इसके बाद विपक्षी सांसद आसन के पास पहुंच गए। हंगामे के दौरान कुछ सांसदों ने कागज फाड़कर सभापति की ओर उछाल दिए। स्थिति बेकाबू होती देख कार्यवाही कुछ समय के लिए स्थगित करनी पड़ी।

सभापति का सख्त रुख

सभापति ने इसे सदन की मर्यादा के खिलाफ बताते हुए सख्त कार्रवाई की। नियमों के तहत संबंधित सांसदों को बजट सत्र की शेष अवधि तक निलंबित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सदन ने स्वीकार कर लिया।

सियासी तकरार तेज

इस कार्रवाई के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी टकराव और तेज हो गया है। विपक्ष ने इसे आवाज दबाने की कोशिश बताया है, जबकि सरकार का कहना है कि संसद की गरिमा बनाए रखना सबसे जरूरी है।


 

  • Related Posts