चौकी की आड़ में चोरों ने तोड़ी दुकान की शटर, बिक्रमगंज में लाखों की ज्वेलरी चोरी

बिक्रमगंज में लाखों की ज्वेलरी चोरी, पुलिस गश्ती पर उठे सवाल

रोहतास, 15 जुलाई 2025: जिले के बिक्रमगंज में एक आभूषण कारीगर की दुकान में बीती रात भीषण चोरी की वारदात हुई है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। चोरों ने शटर काटकर दुकान में घुसते हुए करीब 8 से 10 लाख रुपए मूल्य के आभूषण और अन्य कीमती सामान चुरा लिए।

चौकी की आड़ में दिया वारदात को अंजाम

घटना बिक्रमगंज स्टेशन रोड स्थित एक ज्वेलरी कारीगर की दुकान की है। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, चोर लकड़ी की एक चौकी साथ लाए थे, जिसे शटर के सामने खड़ा कर ताला काटने की प्रक्रिया को छिपाया गया। इसके बाद चोर दुकान के भीतर घुसे और आलमारियों तथा दराजों से लाखों के जेवरात चुरा ले गए।

दुकानदार को सुबह मिली जानकारी

पीड़ित दुकानदार मनोज सोनी ने बताया कि उन्हें सुबह दुकान के मकान मालिक ने फोन कर सूचना दी।

हम दौड़कर पहुंचे तो देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ है और अंदर भीषण चोरी हुई है। पुलिस को तत्काल सूचित किया गया।
उन्होंने चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 8 से 10 लाख रुपए बताई।

पुलिस कर रही है जांच, जानकार की संलिप्तता से इनकार नहीं

मामले की सूचना पर बिक्रमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसडीपीओ कुमार संजय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और आशंका जताई कि चोरी में किसी जानकार व्यक्ति की संलिप्तता हो सकती है।

प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि इसमें किसी ऐसे व्यक्ति का हाथ है जो इस दुकान में पहले आता-जाता रहा हो। हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।” – कुमार संजय, एसडीपीओ, बिक्रमगंज

सवालों के घेरे में पुलिस गश्ती

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पुलिस गश्ती नियमित रूप से होती है, इसके बावजूद इतनी सुनियोजित चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना से आसपास के व्यापारियों में भी भय और असुरक्षा का माहौल देखा जा रहा है।


पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। वहीं व्यापारियों ने रात्रि गश्ती और सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है।


 

  • Related Posts

    फॉर्मर आईडी पर सदन में गरमाया मामला, मंत्री बोले—किसी किसान का लाभ नहीं रुका

    Share Add as a preferred…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *