बुलावायो। अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में 17 जनवरी को खेले गए मुकाबले में भारतीय अंडर-19 टीम ने बांग्लादेश को डीएलएस मेथड के तहत 18 रन से शिकस्त दी। बारिश से प्रभावित इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 238 रन बनाए थे, जिसके जवाब में बांग्लादेश की टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
238 रनों पर सिमटी भारतीय टीम
भारत की ओर से आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी ने पारी की शुरुआत की। आयुष म्हात्रे 12 गेंदों में 6 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 67 गेंदों में 72 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके और 3 छक्के शामिल थे।
इस पारी के दौरान वैभव ने इतिहास रचते हुए अंडर-19 विश्व कप में सबसे कम उम्र में 50+ स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।
नंबर तीन पर उतरे वेदांत त्रिवेदी खाता नहीं खोल सके। इसके बाद अभिज्ञान कुंडु ने मोर्चा संभालते हुए 112 गेंदों में 80 रन की अहम पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
वहीं कनिष्क चौहान ने 26 गेंदों में 28 रन बनाए। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका और भारतीय टीम 48.4 ओवर में 238 रन पर ऑलआउट हो गई।
बांग्लादेश की ओर से अल फहद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 9.2 ओवर में 38 रन देकर 5 विकेट झटके। इकबाल हुसैन और अजीजुल हकीम को 2-2 विकेट मिले।
बारिश के कारण 29 ओवर में मिला 165 रनों का लक्ष्य
बारिश की वजह से बांग्लादेश को 29 ओवर में 165 रन का संशोधित लक्ष्य मिला।
सलामी बल्लेबाज जवाद अबरार 3 गेंदों में 5 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रिफत बेग ने 37 गेंदों में 37 रन बनाए।
कप्तान अजिजुल हकीम ने संघर्षपूर्ण पारी खेलते हुए 72 गेंदों में 51 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 1 छक्का शामिल था।
कलाम सिद्दिकी ने 23 गेंदों में 15 रन जोड़े, लेकिन इसके बाद बांग्लादेश की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई।
पूरी टीम 28.3 ओवर में 146 रन पर सिमट गई।
विहान मल्होत्रा की घातक गेंदबाजी
भारत की जीत में गेंदबाजों की अहम भूमिका रही। विहान मल्होत्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 14 रन देकर 4 विकेट झटके और बांग्लादेश की रनचेज को पूरी तरह पटरी से उतार दिया।
भारत को मिली अहम जीत
बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में भारत ने हर विभाग में संतुलित प्रदर्शन करते हुए 18 रन से जीत दर्ज की और अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।


