भागलपुर, 8 सितंबर 2025।भागलपुर जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत भवानीपुर थाना क्षेत्र के नवटोलिया काली मंदिर गंगा घाट पर रविवार को हुई दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। गंगा स्नान के दौरान डूबी दो सगी बहनों का शव सोमवार सुबह करीब 20 घंटे बाद बरामद किया गया।
गंगा स्नान के दौरान हादसा
जानकारी के अनुसार, सिंहपुर पश्चिम पंचायत के वार्ड नंबर 10 निवासी वीरेंद्र कुमार झा उर्फ बाबुल की दो बेटियाँ — 16 वर्षीय वर्षा कुमारी और 8 वर्षीय परी कुमारी — रविवार सुबह लगभग 10 बजे गंगा स्नान के लिए गई थीं। उनके साथ उनकी 14 वर्षीय सगी बहन छोटी कुमारी और 22 वर्षीय मौसेरी बहन निशु कुमारी भी थीं।
गंगा स्नान के दौरान छोटी बहन परी गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के प्रयास में बड़ी बहन वर्षा भी पानी में समा गई। देखते ही देखते दोनों लहरों में गायब हो गईं।
SDRF और ग्रामीणों का रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घाट पर जुट गए और बच्चियों की खोजबीन शुरू हुई। बाद में एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुँची और देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन सफलता सोमवार की सुबह लगभग 10 बजे मिली, जब दोनों बच्चियों का शव उसी घाट के पास से बरामद किया गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। शव की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। माँ और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है।
विधायक पहुँचे गाँव
घटना की जानकारी मिलने के बाद बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक इंजीनियर कुमार शैलेंद्र भी गाँव पहुँचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।


