पटना के बिक्रम में नहर में गिरी कार, महिला समेत दो की मौत

पटना: बिहार की राजधानी पटना के बिक्रम क्षेत्र में बुधवार को भीषण सड़क हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों ने कूदकर अपनी जान बचा ली। हादसा मोजक्का टोला गांव के पास नहर रोड पर हुआ, जहां तेज रफ्तार सफेद कार अनियंत्रित होकर सीधे नहर में जा गिरी।

हादसे के बाद ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दतियाना ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने 46 वर्षीय मालती देवी और 54 वर्षीय जितेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। दोनों औरंगाबाद जिले के कुटुम्ब गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

परिजनों के अनुसार, सभी लोग इलाज के लिए पटना जा रहे थे। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन नहर की ओर मुड़कर पलट गया। कार में कुल चार लोग सवार थे। दो लोग समय रहते बाहर कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि, कार के नहर में गिरते ही एक महिला और एक पुरुष पानी में फंस गए। नहर में अधिक पानी होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके और डूबने से उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। बिक्रम थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे के बाद कुछ समय तक नहर रोड पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

थाना प्रभारी वरुण कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

इधर, ग्रामीणों ने प्रशासन से नहर रोड पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

  • Related Posts