फतुहा के रसलपुर गांव में जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, दो की मौत, एक गंभीर

पटना के फतुहा थाना क्षेत्र अंतर्गत रसलपुर गांव में शुक्रवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुराने विवाद को लेकर दो चचेरे भाइयों के बीच हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों की पहचान 50 वर्षीय राजमंत्री देवी और 55 वर्षीय देवसागर सिंह के रूप में हुई है। वहीं, राजमंत्री देवी का बेटा राजन प्रसाद गोली लगने से गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज पीएमसीएच में चल रहा है।

पुराने जमीन विवाद में हुई फायरिंग

जानकारी के अनुसार, रसलपुर गांव निवासी राजकुमार प्रसाद और श्रवण प्रसाद के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। शुक्रवार की सुबह श्रवण प्रसाद द्वारा विवादित जमीन पर पिलर निर्माण कराए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मामला कुछ देर के लिए शांत भी हो गया था, लेकिन बातचीत के दौरान अचानक स्थिति बिगड़ गई।

देसी कट्टे से की गई ताबड़तोड़ गोलीबारी

आरोप है कि इसी दौरान राजकुमार प्रसाद का बेटा शिवम देसी कट्टा लेकर मौके पर पहुंचा और फायरिंग शुरू कर दी।
पहली गोली राजमंत्री देवी के सिर में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद राजन प्रसाद को गोली मारी गई। तीसरी गोली बीच-बचाव करने आए पड़ोसी देवसागर सिंह को लगी। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण देवसागर की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस की कार्रवाई, गांव में तनाव

घटना की सूचना मिलते ही फतुहा SDPO-1 अवधेश कुमार और थानाध्यक्ष सदानंद साह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी के दौरान दो देसी कट्टे, एक तलवार और एक बाइक बरामद की है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।


 

  • Related Posts