त्योहारों का मौसम नजदीक आते ही रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। इस बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेल ने बड़ी घोषणा की है। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने 21 सितंबर से 30 नवंबर 2025 तक 150 पूजा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है। इन ट्रेनों के जरिए यात्रियों के लिए कुल 2024 अतिरिक्त फेरे (ट्रिप्स) उपलब्ध कराए जाएंगे।
रेलवे का कहना है कि यह निर्णय देशभर में त्योहारों के दौरान लोगों को अपने घर तक आसानी से पहुँचाने और अपने प्रियजनों के साथ उत्सव मनाने का अवसर देने के उद्देश्य से लिया गया है। उत्तर भारत, पूर्वी भारत, दक्षिण भारत और पश्चिम भारत के प्रमुख स्टेशनों से इन ट्रेनों का संचालन होगा, जिससे महानगरों और ग्रामीण इलाकों के बीच बेहतर संपर्क सुनिश्चित किया जा सकेगा।
- दक्षिण मध्य रेलवे द्वारा सबसे अधिक 48 ट्रेनें चलाई जाएंगी, जो कुल 684 ट्रिप्स पूरी करेंगी।
- पूर्व मध्य रेलवे ने 14 ट्रेनें अधिसूचित की हैं, जो पटना, गया, दरभंगा और मुज़फ़्फ़रपुर जैसे बिहार के प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी और 588 ट्रिप्स संचालित करेंगी।
- पूर्व रेलवे कोलकाता, सियालदह और हावड़ा से 24 ट्रेनें चलाएगा, जो 198 ट्रिप्स पूरी करेंगी।
- पश्चिम रेलवे ने मुंबई, सूरत और वडोदरा से 24 ट्रेनें घोषित की हैं, जो 204 ट्रिप्स करेंगी।
- दक्षिण रेलवे द्वारा चेन्नै, कोयंबत्तूर और मदुरै से 10 ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिनसे 66 ट्रिप्स पूरे होंगे।
इसके अलावा, पूर्व तट रेलवे, दक्षिण पूर्व रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और पश्चिम मध्य रेलवे के प्रमुख स्टेशनों से भी विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अग्रिम बुकिंग कर टिकट की पुष्टि सुनिश्चित करें और यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं स्वच्छता से जुड़े नियमों का पालन करें। साथ ही पूजा स्पेशल ट्रेनों की पूरी सूची, समय-सारणी, रूट और ठहराव की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, IRCTC ऐप और नजदीकी रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध है।


