भागलपुर जिले के रसलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अगरतल्ला गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित मोटरसाइकिल की चपेट में आने से एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका रेणु देवी अपने घर के बाहर अपने छोटे बच्चों के साथ खड़ी थीं। इसी दौरान कथित तौर पर नशे की हालत में तेज गति से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला और बच्चे सड़क पर कुछ दूरी तक घसीटते हुए जा गिरे।
घटना के बाद मची अफरा-तफरी
हादसे के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों ने घायलों को आनन-फानन में कहलगांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सभी की हालत गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। रात करीब 9 बजे घायलों को मायागंज अस्पताल लाया गया।
इलाज के दौरान बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे रेणु देवी ने दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चा शुभम कुमार की स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है और उसे डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रखा गया है।
गांव में मातम, ग्रामीणों में आक्रोश
इस हादसे के बाद पूरे अगरतल्ला गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर ही मोटरसाइकिल और चालक को पकड़ लिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक घायलों का समुचित इलाज और न्याय नहीं मिल जाता, तब तक चालक को छोड़ा नहीं जाएगा।
फिलहाल आरोपी चालक ग्रामीणों की निगरानी में है और घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
रसलपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, चालक के नशे में होने की भी जांच की जा रही है।
बाइट: शुभम कुमार, परिजन


