
बिहार के समस्तीपुर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों दोस्त एक ही बाइक से शादी समारोह से वापस अपने घर लौट रहे थे।
यह हादसा समस्तीपुर-रोसड़ा मार्ग पर बिशनपुर चौक के पास हुआ। मृतकों की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर निवासी कन्हैया कुमार और मिथुन कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक राकेश का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
बारात से लौटने के दौरान हुआ हादसा
मृतक कन्हैया कुमार के भाई राम जीवन राय ने बताया कि तीनों दोस्त देसुआ गांव में अपने एक मित्र की शादी में शामिल होने गए थे। शादी समारोह में भोज खाने के बाद देर रात बाइक से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान बिशनपुर चौक के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और बस की चपेट में आ गए।
दो युवकों की मौके पर मौत
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत घायलों को समस्तीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कन्हैया कुमार और मिथुन कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीसरे युवक राकेश की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
परिजनों को हादसे की जानकारी घायल राकेश से मिली, जिसके बाद परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद मृतकों के घर में कोहराम मच गया है।
बस जब्त, पुलिस जांच में जुटी
मुफस्सिल थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने बताया कि बस की टक्कर से दो युवकों की मौत हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि हादसे में शामिल बस को जब्त कर लिया गया है और मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



