भागलपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइक बिजली पोल से टकराई, पीछे बैठे युवक की मौके पर मौत, चालक गंभीर

भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। विक्रमशिला स्कूल के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के पीछे बैठे युवक करीब 20 फीट उछलकर सीधे पोल से टकराया और जमीन पर गिर पड़ा। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

20 फीट उछलकर पोल से टकराया युवक
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को अनुमंडलीय अस्पताल, कहलगांव पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर अभिषेक ने जांच के बाद बताया कि बाइक के पीछे बैठे आयुष कुमार के शरीर में कोई मूवमेंट नहीं था, जबकि बाइक चालक प्रेम कुमार की हालत नाजुक बनी हुई थी। प्राथमिक उपचार के बाद घायल प्रेम कुमार को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया।

मृतक की पहचान, बाजार में चलाते थे फल की दुकान
मृतक की पहचान कहलगांव के पठनपुरा वार्ड संख्या-1 निवासी प्रकाश चौधरी के 18 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक प्रेम कुमार (24) बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार दोनों युवक बाजार में फल की दुकान चलाते थे और दिनभर वहीं रहते थे। काम खत्म कर बाइक से घर लौटने के दौरान यह हादसा हुआ।

परिजनों में कोहराम, मां का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। डॉक्टर द्वारा स्थिति गंभीर बताने और मायागंज अस्पताल ले जाने की सलाह के बाद परिजन आयुष को घर ले गए, लेकिन परिवार के अन्य सदस्यों के कहने पर दोबारा अस्पताल लाया गया। इसके बाद सरकारी एंबुलेंस से शव को मायागंज अस्पताल भेजा गया, जहां मौत की पुष्टि की जाएगी। इधर आयुष की मां शव के पास बैठकर छाती पीट-पीटकर रोती रही, जिससे माहौल गमगीन हो गया।

पुलिस जांच में जुटी
कहलगांव थानाध्यक्ष श्यामल कुमार ने बताया कि हादसे में घायल युवक को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेजा गया है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर बिजली पोल से टकराई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर करता है, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं।

  • Related Posts

    फॉर्मर आईडी पर सदन में गरमाया मामला, मंत्री बोले—किसी किसान का लाभ नहीं रुका

    Share Add as a preferred…

    Continue reading