भागलपुर, हबीबपुर | 2 अगस्त 2025: हबीबपुर थाना क्षेत्र के डाउटबाट से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां खेत में धान की बुवाई के दौरान ट्रैक्टर पलटने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान जितु यादव के रूप में हुई है, जो अपने खेत में धान की बुवाई करवा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेत जोतने के क्रम में ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया और जितु यादव ट्रैक्टर के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला गया और तुरंत भागलपुर मायागंज अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति नाजुक बताई, जिसके चलते उन्हें सिलीगुड़ी रेफर कर दिया गया है। फिलहाल जितु यादव की हालत चिंताजनक बनी हुई है और परिवार के लोग बेहतर इलाज की प्रार्थना कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से घायल के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है, ताकि इलाज में किसी प्रकार की बाधा न आए।


