भागलपुर के नारायणपुर में बुलेट के शोर से आजिज हो युवक को मार डाला

नारायणपुर (भागलपुर)। रायपुर पंचायत के मनोहरपुर गांव में बुधवार रात आपसी रंजिश में घर में घुसकर गोली मारकर युवक की हत्या कर दी गई। घटना में एक महिला सुनीता देवी भी गोली लगने से घायल हो गई है।

पीड़ित परिजनों के अनुसार, मृतक डब्ल्यू शर्मा (20 वर्ष) ने कुछ दिन पहले बुलेट बाइक खरीदी थी। उसके पड़ोस में रहने वाले गुड्डू सिंह को बुलेट की आवाज से काफी परेशानी हो रही थी। इसको लेकर दो दिनों से दोनों में विवाद हो रहा था। मंगलवार की शाम डब्ल्यू शर्मा अपने बहनोई के साथ कुशहा गांव से बुलेट से घर आया। खाना-पीना के बाद दोनों पक्षों में फिर विवाद हुआ और ईंट-पत्थर भी चले। हालांकि किसी तरह मामला शांत हो गया। बुधवार की शाम में फिर से विवाद होने लगा। इस दौरान डायल 112 की पुलिस टीम को बुलाया गया, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ। पुलिस के जाते ही मारपीट होने लगी। इसमें ईंट-पत्थर चले और 15 राउंड फायरिंग की गई। आरोप है कि इसी दौरान रात 10 बजे गुड्डू सिंह ग्रिल खोलकर डब्ल्यू के घर घुस गया और उसके सीने में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर मां सुनीता देवी वहां पहुंची तो उनके पंजरे में गोली भी लग गई। इसके बाद डब्ल्यू और सुनीता देवी को नारायणपुर सीएचसी लाया गया। वहां डॉक्टरों ने डब्ल्यू को मृत घोषित कर दिया और सुनीता देवी को मायागंज रेफर कर दिया। मारपीट में आरोपी गुड्डू की भाभी भी जख्मी हो गई, उसका भी इलाज मायागंज में चल रहा है।

आरोपी के घर की पुलिस ने ली तलाशी

सूचना पर भवानीपुर थानाध्यक्ष महेश कुमार और नवगछिया एसडीपीओ ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे। एसडीपीओ ने बताया कि मृतक को एक गोली सीने में लगी और घायल महिला को पंजरे में गोली लगी है। गुरुवार को एसपी प्रेरणा कुमार सहित एसडीपीओ, बिहपुर, झंडापुर सहित अन्य थाना की पुलिस घटनास्थल पहुंची और आरोपी के घर की तलाशी ली गई।

सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज

मृतक के पिता मुसो शर्मा ने गुड्डु सिंह सहित सात नामजद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से 11 खोखा भी बरामद किया है। घटना बुधवार की रात लगभग 10 बजे हुई। एसडीपीओ के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

  • Related Posts

    होर्मुज स्ट्रेट पार कर भारत की ओर बढ़ रहे दो LPG टैंकर, जल्द पहुंचेगी 46 हजार टन गैस की खेप

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    पटना में ‘पोस्टर वार’ से सियासी उबाल! राजद का भाजपा पर तीखा प्रहार— “कोई ऐसा सगा नहीं, जिसे भाजपा ने ठगा नहीं”; सीएम की कुर्सी और ‘अजगर’ वाली तस्वीर वायरल

    Share Add as a preferred…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *