प्रेमिका के दबाव से तंग युवक चढ़ा 180 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर, थानाध्यक्ष माधुरी कुमारी ने बचाई जान

रोहतास। प्यार और दबाव के बीच झूलते एक युवक ने रविवार को ऐसा कदम उठा लिया जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के सुजानपुर गांव में 25 वर्षीय युवक प्रीतम 180 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और कूदने की धमकी देने लगा। यह हाईवोल्टेज ड्रामा करीब पांच घंटे तक चला, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने उसकी जान बचाई।

फेसबुक स्टेटस से फैली सनसनी

टावर पर चढ़ने के साथ ही प्रीतम ने अपने फेसबुक अकाउंट पर स्टेटस डाल दिया। पोस्ट देखते ही गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए। कई लोग घटना का वीडियो बनाने लगे तो वहीं युवक की मां और परिजन रो-रोकर उसे नीचे उतरने की गुहार लगाते रहे।

मां की पुकार और पुलिस की समझाइश भी नाकाम

घटना की सूचना मिलते ही इंद्रपुरी थानाध्यक्ष माधुरी कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने माइकिंग कर युवक को समझाने की कोशिश की—“प्रीतम नीचे उतर जाओ, तुम्हें न्याय दिलाया जाएगा।” लेकिन मां की पुकार और पुलिस की लगातार मिन्नतों का भी उस पर कोई असर नहीं हुआ। युवक टावर के ऊपरी हिस्से पर जाकर बैठ गया और कूदने की जिद पर अड़ा रहा।

प्रेमिका और परिजनों पर लगाए गंभीर आरोप

काफी देर तक चले ड्रामे के बाद जब प्रीतम को सुरक्षित उतारा गया तो उसने बताया कि वह गांव की एक लड़की से पिछले चार वर्षों से प्रेम करता था। दोनों ने हरियाणा जाकर शादी भी कर ली थी। लेकिन लड़की के परिजनों ने दबाव डालकर उसकी शादी कहीं और करा दी।
प्रीतम का आरोप है कि शादी के बाद भी वह लड़की और उसके घरवालों को पैसे देता रहा। जब उसने पैसे देना बंद किया तो उसे धमकियां मिलने लगीं। इतना ही नहीं, शादीशुदा होने के बावजूद लड़की उस पर साथ रहने का दबाव बना रही थी। इसी मानसिक तनाव से परेशान होकर उसने आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की।

‘लेडी सिंघम’ बनीं थानाध्यक्ष माधुरी कुमारी

करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और डायल 112 की टीम ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। इस दौरान थानाध्यक्ष माधुरी कुमारी ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय दिया। उनकी समझदारी और संयम ने ही युवक की जान बचाई। ग्रामीणों ने उनकी भूमिका की जमकर सराहना करते हुए उन्हें ‘लेडी सिंघम’ की संज्ञा दी।

पुलिस ने शुरू की आगे की कार्रवाई

पुलिस ने युवक के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि युवक के आरोप सही पाए गए तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


 

  • Related Posts

    बिहार में भूमि विवाद खत्म करने की बड़ी पहल, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने तय की डेडलाइन; दिसंबर 2027 तक पूरा होगा विशेष भूमि सर्वेक्षण

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    बिहार में पौधारोपण का नया रिकॉर्ड, एक साल में 40.68 लाख पौधे लगाए गए; हरित आवरण बढ़ाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि

    Share Add as a preferred…

    Continue reading