भागलपुर: मधुसुदनपुर थाना क्षेत्र के गणेशीबाग कॉलोनी में बीती रात चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक बंद पड़े घर को निशाना बनाते हुए करीब 60 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है।
पीड़ित गृहस्वामी विकास कुमार ने बताया कि वे नए साल के अवसर पर अपने पैतृक घर नाथनगर थाना क्षेत्र के कुंडी टोला गांव गए हुए थे। इसी दौरान उनका गणेशीबाग स्थित मकान पूरी तरह बंद था। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने पहले बगल की चारदीवारी पर चढ़कर कटिया तार काटा, फिर मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया।
चोरों ने घर के बाहर रखी दो बैटरियां और एक इनवर्टर चोरी कर लिया। इसके बाद उन्होंने किचन का ताला तोड़कर वहां रखे कीमती बर्तन भी अपने साथ ले गए। अनुमान के अनुसार चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई जा रही है।
सुबह जब विकास कुमार अपने घर पहुंचे तो उन्होंने मुख्य गेट और किचन का ताला टूटा हुआ पाया। इसके बाद घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मधुसुदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
इस चोरी की घटना के बाद गणेशीबाग कॉलोनी के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
बाइट – विकास कुमार, पीड़ित गृहस्वामी


