भागलपुर।जोगसर थाना क्षेत्र के छोटी खंजरपुर स्थित हनुमान मंदिर में सोमवार की रात बड़ी चोरी हो गई। चोर मंदिर के पीछे का गेट तोड़कर अंदर घुसे और दान पेटी के साथ मां दुर्गा के पहने गए आभूषण चुरा ले गए। चोरी गए आभूषणों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
सुबह पर्दा हटाते ही खुला राज
मंदिर के पुजारी सुभाष झा ने बताया कि मंगलवार सुबह जब वे रोज की तरह साफ-सफाई के लिए पहुंचे और गर्भगृह का पर्दा हटाया, तो अंदर का नजारा देख सन्न रह गए। मां दुर्गा के आभूषण और दान पेटी गायब थे। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर जुटी भीड़, लोगों में आक्रोश
घटना की खबर फैलते ही सुबह मंदिर के पास बड़ी संख्या में लोग जुट गए। चोरी को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
पुलिस ने दर्ज किया केस, CCTV खंगाले जा रहे
जोगसर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पुजारी के बयान पर केस दर्ज किया गया।
थानाध्यक्ष मंटू कुमार ने बताया कि मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पहले भी हो चुकी है चोरी
यह पहली बार नहीं है जब इस मंदिर को निशाना बनाया गया हो। पिछले साल भी इसी मंदिर से अष्टधातु से बना भारी नाग चोरी हो चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले यहां पुलिस पिकेट था, जिसे बाद में हटा दिया गया। पिकेट हटने के बाद से सुरक्षा व्यवस्था कमजोर हो गई है।
व्यस्त चौक, फिर भी सुरक्षा नदारद
छोटी खंजरपुर का यह इलाका काफी व्यस्त है। इसके बावजूद मंदिर में लगातार चोरी की घटनाएं पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।


