भागलपुर खरीक में जमीन पर कब्जे को लेकर बवाल, पुलिस ने कराया कब्जा खाली

भागलपुर (नवगछिया)। जिले के खरीक थाना क्षेत्र अंतर्गत कठैला रोड नंबर 14 पर रविवार की सुबह जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर भारी बवाल मच गया। रातों-रात कई प्रखंडों से आए सैकड़ों विस्थापित महिला और पुरुषों ने रैयत की जमीन पर डेरा जमा लिया। सुबह करीब 5 बजे जब स्थानीय रैयत को इस कब्जे की जानकारी हुई तो क्षेत्र में अफरातफरी मच गई।

रैयतों ने इसकी लिखित शिकायत खरीक थाना अध्यक्ष नरेश कुमार को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मौके पर अंचल अधिकारी को भी भेजा गया। जांच के दौरान विस्थापित लोग जमीन के स्वामित्व संबंधी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।


तनाव बढ़ा, बुलाना पड़ा अतिरिक्त पुलिस बल

स्थिति बिगड़ते देख खरीक थाना अध्यक्ष ने तुरंत आसपास के नदी थाना, झंडापुर थाना और बिहपुर थाना से अतिरिक्त पुलिस बल मंगाया। साथ ही, महिलाओं की बड़ी संख्या को देखते हुए महिला सशस्त्र बल को भी मौके पर तैनात किया गया।

पुलिस प्रशासन ने माइक से लगातार घोषणा कर कब्जा छोड़ने की अपील की, लेकिन विस्थापित पीछे हटने को तैयार नहीं हुए और डटे रहे।


बल प्रयोग कर खाली कराई गई जमीन, कई घायल

स्थिति जब पूरी तरह बेकाबू हो गई तो पुलिस ने बल प्रयोग किया और जमीन खाली कराई। इस दौरान पुलिस और विस्थापितों के बीच झड़प भी हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रातों-रात इतने बड़े पैमाने पर विस्थापितों का आकर जमीन पर कब्जा करना सुनियोजित रणनीति प्रतीत होती है। वहीं रैयतों का साफ कहना है कि उनकी निजी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


तनाव बरकरार, भारी पुलिस बल की तैनाती

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल कायम है। पुलिस बल अभी भी मौके पर डटा हुआ है ताकि किसी भी प्रकार की दोबारा गड़बड़ी न हो। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विधि-व्यवस्था को हर हाल में बनाए रखा जाएगा।

फिलहाल यह बड़ा सवाल बना हुआ है कि विस्थापित परिवार, जिन्हें वहां से हटाया गया है, वे आगे जाकर कहां और कैसे अपने आशियाने का निर्माण करेंगे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखने में सहयोग करें।


 

  • Related Posts