
पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मटियारिया कॉलोनी वार्ड नंबर 3 में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान अमित कुमार नमो दास के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी नीलम देवी को हिरासत में लिया है।
13 साल पहले हुई थी शादी, दो बच्चे हैं
जानकारी के अनुसार, अमित कुमार की शादी करीब 13 वर्ष पूर्व नीलम देवी से हुई थी। दंपति के दो बच्चे भी हैं। मृतक के परिजनों का आरोप है कि नीलम देवी का पिछले लगभग एक वर्ष से किसी अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। इस बात को लेकर लगभग छह माह पहले घर में विवाद भी हुआ था, जिसके बाद नीलम ने माफी मांग ली थी और मामला शांत हो गया था।
देर रात हुई घटना से मचा हड़कंप
परिजनों के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे अमित कुमार की अचानक मौत की सूचना मिली, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया। शुरुआत में पत्नी नीलम देवी ने घटना को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी, जिससे संदेह और गहरा गया।
परिजनों ने पुलिस को सूचना देने और पोस्टमार्टम कराने की बात कही, जिसके बाद नीलम देवी ने कथित रूप से अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
मारपीट और गला दबाने की आशंका
आरोपों के अनुसार, विवाद के दौरान नीलम देवी ने अमित कुमार के साथ मारपीट की और उसके प्राइवेट पार्ट पर गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे वह अचेत होकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। पुलिस जांच में मृतक के गले पर भी निशान पाए गए हैं, जिससे गला दबाने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही लौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
इलाके में तनाव का माहौल
घटना के बाद मटियारिया कॉलोनी में तनाव और सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं, इस दर्दनाक घटना से मृतक के दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है, जिससे परिवार गहरे सदमे में है।


