पथ निर्माण विभाग का बड़ा चाबुक: दरभंगा की कंपनी ‘R.L. Choudhary Infratech’ 10 साल के लिए ब्लैकलिस्ट; सड़क बनाने में की थी बड़ी हेराफेरी

  • गुणवत्ता से समझौता पड़ा भारी; दरभंगा में सड़क चौड़ीकरण के दौरान पकड़ी गई धांधली
  • सीमेंट कंक्रीट की मजबूती मानकों से आधी से भी कम मिली; TTRI की रिपोर्ट के बाद इंजीनियर प्रमुख ने जारी किया आदेश
  • 10 वर्षों तक अब विभाग में कोई काम नहीं कर पाएगी लहेरियासराय की यह कंपनी

द वॉयस ऑफ बिहार (पटना/दरभंगा)

​बिहार में सड़कों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वाले ठेकेदारों पर सरकार ने अब सख्त रवैया अपना लिया है। पथ निर्माण विभाग (Road Construction Department) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दरभंगा की एक निर्माण कंपनी को 10 वर्षों के लिए ब्लैकलिस्ट (कालीकृत) कर दिया है। विभाग ने यह कार्रवाई गुणवत्ताविहीन कार्य प्रमाणित होने के बाद की है।

कौन सी कंपनी हुई ब्लैकलिस्ट?

​अभियंता प्रमुख द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिस कंपनी पर गाज गिरी है, उसका नाम R.L. Choudhary Infratech Pvt. Ltd. है, जिसका कार्यालय आर.एल. मार्केट, सैदनगर, लहेरियासराय (दरभंगा) में स्थित है। यह कंपनी विभाग में श्रेणी-01 (निबंधन संख्या-1230047) के तहत निबंधित थी।

क्या है पूरा मामला?

​यह मामला दरभंगा पथ प्रमंडल के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण सड़क निर्माण से जुड़ा है।

  • योजना: महात्मा गाँधी कॉलेज से अलीनगर पी०डब्लू०डी० पथ, खर्गा सहनी चौक, परमेश्वर चौक होते हुए बेला दुर्गा मंदिर तक (पी०टी०सी० चाहरदीवारी के उत्तर वाले रेलवे लाइन तक) सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य।
  • धांधली: जांच में पाया गया कि 1 किलोमीटर के हिस्से में कराए गए सीमेंट कंक्रीट पेवमेंट (Cement Concrete Pavement) कार्य में भारी अनियमितता बरती गई है।
  • तकनीकी रिपोर्ट: सड़क की मजबूती यानी Compressive Strength का मानक 407.888 kg/cm² होना चाहिए था, लेकिन जांच में यह महज 166.828 kg/cm² ही पाया गया। यानी सड़क की मजबूती मानकों के आधे से भी कम थी।

जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया

​विभाग ने कंपनी को अपना पक्ष रखने का पूरा मौका दिया था, लेकिन उनके जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए।

  1. स्पष्टीकरण: विभाग ने संवेदक से 16.05.2025 और 04.07.2025 को स्पष्टीकरण मांगा।
  2. जांच रिपोर्ट: संवेदक की मांग पर उन्हें जांच रिपोर्ट सौंपी गई और 01.09.2025 को फिर जवाब मांगा गया।
  3. TTRI की मुहर: संवेदक द्वारा 25.09.2025 को दिए गए जवाब की जांच TTRI से कराई गई। 10.12.2025 को आई रिपोर्ट में भी यह पुष्टि हुई कि निर्माण कार्य गुणवत्ताविहीन है।

10 साल का वनवास

​समीक्षा के बाद संवेदक का स्पष्टीकरण खारिज कर दिया गया। बिहार ठीकेदारी निबंधन नियमावली 2007 के नियम-11 (क) (ii) और विभागीय आदेशों के तहत R.L. Choudhary Infratech Pvt. Ltd. को आदेश निर्गत होने की तिथि से अगले 10 वर्षों के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। इस दौरान यह कंपनी विभाग की किसी भी निविदा में भाग नहीं ले सकेगी।

  • Related Posts