सांसद अजय कुमार मंडल की अध्यक्षता में विकास योजनाओं एवं जनसमस्याओं पर हुई विस्तृत
चर्चाभागलपुर जिले में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन समीक्षा भवन, भागलपुर में किया गया। बैठक की अध्यक्षता माननीय सांसद श्री अजय कुमार मंडल ने की। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं क्षेत्रीय समस्याओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी द्वारा माननीय सांसद का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर सुल्तानगंज के माननीय विधायक को अनुमंडल पदाधिकारी सदर, नाथनगर के माननीय विधायक को डीआरडीए निदेशक तथा भागलपुर नगर निगम की महापौर को जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
वहीं पीरपैंती एवं भागलपुर के माननीय विधायकों का स्वागत क्रमशः डीआरडीए निदेशक श्री अमर कुमार मिश्रा एवं जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी श्री सुधाकर सुधीर कुमार द्वारा किया गया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याएं एवं सुझाव रखे गए। भागलपुर नगर निगम की महापौर डॉ. वसुंधरा लाल ने समग्र शहरी विकास योजना में तेजी लाने, अमृत-2 योजना को शीघ्र प्रारंभ करने तथा सी एंड डी वेस्ट मैनेजमेंट की समस्या के समाधान का आग्रह किया।
नाथनगर के माननीय विधायक श्री मिथुन कुमार ने बताया कि राजांदीपुर में उप-स्वास्थ्य केंद्र एक निजी भवन में संचालित हो रहा है, जिसकी स्थिति अत्यंत जर्जर है। इस पर जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन को नए भवन की तलाश कर शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिला परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. प्रणव कुमार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में कम आवेदन होने की समस्या उठाई और सुझाव दिया कि प्रत्येक गांव में आवेदन हेतु शिविर लगाया जाए। उन्होंने एनएच-80 सड़क के फ्लैंक भरवाने की आवश्यकता बताते हुए दुर्घटनाओं पर चिंता जताई तथा डूब से मृत्यु के मामलों में लंबित मुआवजा भुगतान का मुद्दा भी उठाया।
इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जनवरी के दूसरे सप्ताह में प्रत्येक गांव में सामाजिक सुरक्षा पेंशन हेतु विशेष शिविर लगाए जाएं।
सुल्तानगंज नगर परिषद के सभापति श्री राजकुमार गुड्डू ने बताया कि 7.26 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत शवदाह गृह का कार्य कई महीनों से बंद है, जिसे शीघ्र पूर्ण किया जाना आवश्यक है। उन्होंने अस्पताल की जर्जर दीवार के पुनर्निर्माण, एनएच-80 पर छोड़े गए जलापूर्ति पाइप को अंडरग्राउंड करने तथा आदर्श मध्य विद्यालय में अतिरिक्त वर्ग कक्ष निर्माण की मांग रखी।
बांका सांसद के प्रतिनिधि ने नगर परिषद बैठकों में सांसद को आमंत्रित न किए जाने का मुद्दा उठाया तथा सफाई व्यवस्था, गंगा घाट पर एसडीआरएफ की प्रतिनियुक्ति एवं मुरारका कॉलेज में जलापूर्ति की समस्या से अवगत कराया।
भागलपुर के माननीय विधायक श्री रोहित पांडे ने शहरी क्षेत्र के मृत तालाबों को पुनर्जीवित करने, लोहिया पुल के नीचे फुटपाथ विक्रेताओं के लिए वेंडिंग जोन विकसित करने, पुराने धर्मशालाओं के पुनरुद्धार एवं वृक्षारोपण में फलदार पौधों के रोपण पर जोर दिया।
पीरपैंती के माननीय विधायक श्री मुरारी पासवान ने बताया कि क्षेत्र के दो पुल बह चुके हैं और तीन पुल जर्जर अवस्था में हैं। गंगा कटाव से सैकड़ों लोग विस्थापित हुए हैं, जिनका पुनर्वास अब भी लंबित है। उन्होंने आदिवासी छात्रावास की जर्जर स्थिति, मजदूरों के लिए गांव-स्तरीय कैंप एवं स्वास्थ्य सेवाओं में अनियमितताओं का मुद्दा उठाया।
स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों पर जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि पदस्थापना स्थल पर कार्य न करने वाले चिकित्सकों पर सख्त कार्रवाई की जाए। अल्ट्रासाउंड सेवा चालू करने हेतु तकनीशियन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
कहलगांव प्रखंड प्रमुख श्रीमती नूतन देवी ने पीरपैंती अंचलाधिकारी के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई तथा मध्य विद्यालय नारायणपुर की मरम्मत की मांग की। उन्होंने अनुमंडलीय अस्पताल में नर्स द्वारा अवैध वसूली एवं स्थानांतरण के बाद भी कार्यरत लिपिक के संबंध में जानकारी दी, जिस पर जिलाधिकारी ने जांच एवं प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर पंचायत सबौर सहित कई प्रखंड प्रमुखों ने अपनी समस्याएं रखीं एवं लिखित प्रतिवेदन भी जिलाधिकारी को सौंपा। उर्वरक वितरण को लेकर भी कई शिकायतें सामने आईं।
अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संयुक्त निदेशक,
जनसंपर्क विभाग, भागलपुर


