
बालिग होने के साक्ष्य दिए; पुलिस ने मंदिर में कराई शादी
मुंगेर।हवेली खड़गपुर थाना परिसर सोमवार को एक अनोखे और भावनात्मक दृश्य का गवाह बना, जब वर्षों से एक-दूसरे से प्यार करने वाले प्रेमी युगल ने पुलिस, परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में सात फेरे लिए। थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में तेघड़ा गांव की 19 वर्षीय पायल कुमारी और भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के छोटी श्रीरामपुर निवासी ब्रजेश कुमार का विवाह विधि-विधान से संपन्न कराया गया।
यह शादी सिर्फ दो दिलों का नहीं, बल्कि एक पूरे समाज और कानून की सहमति का प्रतीक बन गई, जहां विवाद का अंत विश्वास और रिश्ते की नई शुरुआत में बदला।
चार साल का प्रेम, रिश्तेदारी से शुरू हुई कहानी
पायल और ब्रजेश के बीच पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध था। गांव में रिश्तेदारी होने के कारण दोनों का मिलना-जुलना शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे गहरे रिश्ते में बदल गया। दोनों साथ जीवन बिताने का संकल्प कर चुके थे।
बाजार जाने के बहाने निकली, भागलपुर पहुंची
23 जनवरी को पायल ने घर से बाजार जाने की बात कही और प्रेमी के साथ भागलपुर चली गई। जब कई दिनों तक वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों में हड़कंप मच गया।
पिता ने दर्ज कराई प्राथमिकी
28 जनवरी को पायल के पिता अजय साह ने हवेली खड़गपुर थाना में बेटी के अपहरण और शादी की नीयत से भगाने को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई और प्रेमी युगल की तलाश शुरू कर दी।
खुद थाने पहुंचे, दिखाए बालिग होने के प्रमाण
पुलिस दबाव और सामाजिक हालात को देखते हुए सोमवार को पायल और ब्रजेश स्वयं हवेली खड़गपुर थाना पहुंचे। दोनों ने पुलिस के सामने अपने-अपने बालिग होने के प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए।
पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों के परिजनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को थाना बुलाया।
आपसी रजामंदी के बाद मंदिर में विवाह
थाना में लंबी बातचीत के बाद दोनों परिवारों के बीच सहमति बन गई। इसके बाद थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में विधि-विधान से दोनों की शादी कराई गई।
इस अनोखी शादी में पुलिसकर्मी, परिजन और स्थानीय ग्रामीण ही बाराती बने। किसी ढोल-नगाड़े की जगह वहां मुस्कान और सुकून था।
पुलिस और गांव वालों ने निभाई बाराती की भूमिका
विवाह के दौरान पंचायत समिति सदस्य मनजीत कुमार, अजय कुमार साह, चंदन कुमार, सच्चीदा मंडल, मदन कुमार, गायत्री देवी, आरती कुमारी, धनंजय शाह और नवनीत कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।
अब साथ नई जिंदगी की शुरुआत
शादी के बाद दोनों ने खुशी जताते हुए कहा कि अब वे सम्मान और भरोसे के साथ अपना नया जीवन शुरू करेंगे। थाना परिसर में हुआ यह विवाह इलाके में चर्चा का विषय बन गया है और कई लोगों के लिए मिसाल भी।


