बिहार की सत्ता में एक बार फिर एनडीए की मजबूत वापसी के बाद सरकार पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। खासकर डिप्टी सीएम सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भू-माफिया और राजस्व विभाग के लापरवाह अधिकारियों को सीधे निशाने पर ले लिया है।
मुजफ्फरपुर के बाद अब अगला भूमि सुधार जन कल्याण संवाद 31 दिसंबर को सहरसा में आयोजित किया जाएगा, जहां आमलोगों की भूमि से जुड़ी समस्याओं का ऑन-स्पॉट समाधान किया जाएगा।
सहरसा में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का आयोजन
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवाओं को समय सीमा में आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 31 दिसंबर 2025 को सहरसा में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद आयोजित किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वयं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे।
यह कार्यक्रम प्रेक्षागृह, सहरसा (विकास भवन के सामने) आयोजित होगा।
पहली पाली: आमलोगों की समस्याओं का ऑन-स्पॉट समाधान
कार्यक्रम की प्रथम पाली सुबह 11:00 बजे से अपराह्न 2:30 बजे तक होगी।
इस दौरान—
- दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी समेत सभी ऑनलाइन सेवाओं से जुड़ी शिकायतें सुनी जाएंगी
- प्राप्त आवेदनों में से कुछ मामलों का अंचल-वार चयन कर मौके पर समाधान किया जाएगा
- अंचलाधिकारी और राजस्व कर्मचारी को पीड़ित के सामने बैठाकर समस्या पर चर्चा होगी
इस सत्र में सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी और कर्मचारी अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे।
शिकायतकर्ताओं के लिए रजिस्ट्रेशन व्यवस्था
- सुबह 09:00 बजे से 10:30 बजे तक अंचल-वार काउंटर पर रजिस्ट्रेशन
- आवेदन में नाम, स्पष्ट पता और मोबाइल नंबर अनिवार्य
- कार्रवाई की जानकारी एसएमएस के जरिए दी जाएगी
- सभी आवेदन पोर्टल पर अपलोड कर समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी
दूसरी पाली में अधिकारियों की समीक्षा बैठक
कार्यक्रम की दूसरी पाली अपराह्न 3:30 बजे से 5:00 बजे तक होगी, जिसमें
राजस्व विभाग के सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
इस बैठक में शामिल होंगे—
- अपर समाहर्ता
- सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता
- जिला भू-अर्जन पदाधिकारी
- बन्दोबस्त पदाधिकारी
- सभी अंचलाधिकारी और राजस्व कर्मी
बैठक में दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी और अभियान बसेरा-2 की आंकड़ों के साथ गहन समीक्षा की जाएगी।
भूमि विवाद घटाने की दिशा में बड़ा कदम
भूमि सुधार जन कल्याण संवाद के जरिए डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा की मंशा स्पष्ट है—
- भूमि अभिलेख समय पर अपडेट हों
- आमजन को सेवाएं तय समय में मिलें
- भूमि विवादों में भारी कमी आए
उन्होंने आमलोगों को आश्वस्त किया है कि अब भूमि सुधार से जुड़े कार्यों के लिए किसी को भटकना या परेशान होना नहीं पड़ेगा।
पूरे राज्य में जारी है सख्त समीक्षा अभियान
राज्य के हर जिले में राजस्व ग्राम-वार समीक्षा की जा रही है।
अधिकारियों को समय सीमा में मामलों के निष्पादन के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
डिप्टी सीएम ने कहा कि यह अभियान प्रधान सचिव सीके अनिल के नेतृत्व में लगातार जारी रहेगा, ताकि
जनता को समयबद्ध न्याय, पारदर्शिता और जवाबदेह प्रशासन मिल सके।


