भागलपुर, 23 अक्टूबर 2025।भागलपुर में मां काली की भव्य विसर्जन शोभायात्रा देर रात पूरे उल्लास और श्रद्धा के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में “जय मां काली” के जयकारे गूंजते रहे।
हर साल की तरह इस बार भी भागलपुर की काली प्रतिमा विसर्जन यात्रा 36 घंटे तक चलने वाली है। सैकड़ों प्रतिमाएं कतारबद्ध होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई विसर्जन स्थल की ओर बढ़ीं। पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार और सिटी डीएसपी अजय चौधरी खुद पूरे आयोजन की मॉनीटरिंग करते रहे। रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और बिहार पुलिस की तैनाती के साथ-साथ ड्रोन से भी पूरे मार्ग की निगरानी की जा रही थी।
जैसे ही परवत्ती मां काली की प्रतिमा स्टेशन चौक पर पहुंची, केंद्रीय काली पूजा महारानी समिति की ओर से मां काली की आरती उतारी गई। इस मौके पर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए।
इस भव्य शोभायात्रा में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे भी शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ मां काली का आशीर्वाद लिया और शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन की सराहना की।


