छठ महापर्व की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में युवक की मौत

नवादा जिले में छठ महापर्व की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। यह घटना रोह थाना क्षेत्र के छनौन मोड़ के पास की है, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, कलौंडा गांव निवासी जयराम चौहान अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ छठ घाट से पूजा संपन्न कर घर लौट रहे थे। परिवार घर से महज 500 मीटर की दूरी पर था, तभी पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जयराम को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल जयराम को तुरंत रोह अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नवादा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी ने छठ पर्व के दौरान अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा था।

पुलिस अधिकारी उमाशंकर सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश की जा रही है।

इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जहां एक ओर त्योहार की खुशियां मनाई जानी थीं, वहीं अब गांव में मातम पसरा हुआ है।

  • ये भी पढ़े..

    अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भागलपुर वन विभाग में योग शिविर, वनकर्मियों ने अपनाया स्वस्थ जीवन का संकल्प

    Share Add as a preferred…