
मोतिहारी | 26 फरवरी, 2026: पूर्वी चम्पारण जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने फिल्मी पटकथा को भी पीछे छोड़ दिया है। यहाँ एक नई नवेली दुल्हन ने अपनी शादी के महज दो दिन बाद ही ससुराल वालों को ऐसा जख्म दिया कि पूरा परिवार सदमे में है। शादी की खुशियां अभी परवान भी नहीं चढ़ी थीं कि दुल्हन अपने पति को कॉलेज के गेट पर चकमा देकर प्रेमी के साथ रफूचक्कर हो गई।
धूमधाम से हुई थी शादी, दो दिन में ही टूटा भरोसा
जानकारी के अनुसार, संग्रामपुर थाना क्षेत्र के इन्द्रगछि गांव की रहने वाली लक्की कुमारी की शादी बीते 20 फरवरी को तुरकौलिया के मझार गांव निवासी भानु शर्मा के साथ बड़े ही धूमधाम से हुई थी। 21 फरवरी को विदाई के बाद दुल्हन अपने ससुराल पहुँची, जहाँ उसका भव्य स्वागत किया गया। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि दुल्हन के मन में कुछ और ही चल रहा है।
कॉलेज की परीक्षा का बहाना और सोची-समझी साजिश
22 फरवरी की सुबह दुल्हन ने अपने पति भानु से कहा कि उसकी कॉलेज में परीक्षा है और उसका जाना बेहद जरूरी है। पत्नी की पढ़ाई और करियर का ख्याल रखते हुए पति उसे खुद अपनी बाइक पर बैठाकर मोतिहारी स्थित कॉलेज छोड़ने गया। कॉलेज के मुख्य गेट पर पहुँचकर दुल्हन ने पति से बाहर ही रुकने को कहा और खुद अंदर चली गई। घंटों बीत जाने के बाद जब वह वापस नहीं लौटी, तो पति ने अंदर जाकर तलाश शुरू की, लेकिन दुल्हन का कहीं अता-पता नहीं था।
जेवर और एक लाख नकद लेकर हुई चंपत
ससुराल पक्ष का आरोप है कि दुल्हन केवल फरार ही नहीं हुई, बल्कि घर की जमापूंजी पर भी हाथ साफ कर गई। आरोप के मुताबिक, वह मायके से मिले उपहारों के साथ-साथ ससुराल के कीमती जेवर और घर में रखे करीब एक लाख रुपये नकद भी अपने साथ ले गई है। आशंका जताई जा रही है कि वह कॉलेज के पिछले गेट से अपने मायके के ही एक युवक (प्रेमी) के साथ फरार हो गई है।
प्रेम-प्रसंग की पहले से थी चर्चा
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दुल्हन की मां एक आंगनबाड़ी सेविका है और लक्की कुमारी खुद भी एक निजी स्कूल में पढ़ाती थी। चर्चा है कि स्कूल में पढ़ाने के दौरान ही उसका प्रेम-प्रसंग शुरू हुआ था, जिसे अंजाम देने के लिए उसने शादी के बाद इस साजिश को रचा।
पुलिस कर रही मामले की छानबीन
पीड़ित पति और ससुराल वालों ने तुरकौलिया थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और तकनीकी सेल की मदद से दुल्हन और उसके कथित प्रेमी के मोबाइल लोकेशन को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। इस घटना ने क्षेत्र में ‘रिश्तों की शुचिता’ और ‘धोखाधड़ी’ को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है।
ब्यूरो रिपोर्ट, द वॉयस ऑफ बिहार (VOB)।


