तनिष्क लूटकांड के खूंखार अपराधी चुनमुन झा का अंत, पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया

अररिया जिले में शुक्रवार की रात पुलिस और अपराधियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। नरपतगंज थाना क्षेत्र के थलहा नहर के पास पुलिस ने तनिष्क शोरूम लूटकांड के मुख्य आरोपी चुनमुन झा को घेर लिया। पटना एसटीएफ और स्थानीय पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में उसे ढेर कर दिया गया। अररिया एसडीओ रामपुकार सिंह ने चुनमुन झा के मारे जाने की पुष्टि की। उसका शव पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया गया है। इस मुठभेड़ में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनमें से दो एसटीएफ जवानों को गोली लगी है।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी चुनमुन झा अपने गिरोह के साथ नरपतगंज इलाके में छिपा हुआ है। इस जानकारी के आधार पर पटना एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। जैसे ही पुलिस टीम थलहा नहर के पास पहुंची, अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में चुनमुन झा को तीन गोलियां लगीं-दो सीने में और एक पैर में। गोली लगते ही वह मौके पर ही ढेर हो गया, जबकि उसका एक साथी मौका पाकर फरार हो गया।

चुनमुन झा हाल ही में पूर्णिया और आरा के तनिष्क शोरूम लूटकांड का मास्टरमाइंड था। पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। उसके खिलाफ कई जिलों में हत्या, लूट और फिरौती के मामले दर्ज थे। इसके अलावा, वह पलासी प्रखंड के बरदबट्टा पंचायत के मुखिया के रिश्तेदार और पैक्स अध्यक्ष संतोष मंडल पर गोली चलाने का भी आरोपी था। इस फायरिंग में पूर्व मुखिया बाल-बाल बच गए थे। हाल ही में पूर्णिया के हाट और पलासी पुलिस ने उसके मजलिसपुर स्थित घर पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की थी।

इस मुठभेड़ में घायल पांच पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घायलों में एसटीएफ के पुलिस निरीक्षक कुमार विकास, नरपतगंज थाना प्रभारी, चालक नागेश और जेसी शहाबुद्दीन अंसारी शामिल हैं।

अररिया एसपी अंजनी कुमार ने बताया कि चुनमुन झा के खिलाफ कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह नरपतगंज थाना क्षेत्र में आने वाला है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे ट्रैक किया, लेकिन जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में चुनमुन झा मारा गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। इस ऑपरेशन के बाद इलाके में अपराधियों के बीच दहशत का माहौल है।

  • Related Posts

    इराक के समुद्री क्षेत्र में तेल टैंकर ‘सेफसी विष्णु’ पर हमला, एक भारतीय नागरिक की मौत

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    मानव तस्करी के मामलों में संवेदनशीलता बरतें पुलिसकर्मी: डीजीपी विनय कुमार

    Share Add as a preferred…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *