मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना के गांधी मैदान के दक्षिणी-पूर्वी छोर पर स्थित कालीदास रंगालय के नए भवन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। कालीदास रंगालय को बिहार आर्ट थियेटर के नाम से भी जाना जाता है। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन सभागार, ग्रीन रूम, विशाल रंगमंच, प्रकाश व्यवस्था, ध्वनि व्यवस्था सहित अन्य कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की।
बेहतर गुणवत्ता और शीघ्र पूर्णता पर जोर
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कालीदास रंगालय के नए भवन का निर्माण कार्य बेहतर गुणवत्ता के साथ और तेज गति से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि रंगालय के उन्नयन का मुख्य उद्देश्य कलाकारों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें आधुनिक प्रकाश और ध्वनि व्यवस्था का पूरा लाभ मिल सके और किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नाटक और सांस्कृतिक गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। कालीदास रंगालय न केवल बिहार, बल्कि पूरे देश में होने वाले रंगमंच और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का एक महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। ऐसे में इसके नवीनीकरण और उन्नयन कार्य को विशेष महत्व के साथ पूरा किया जाना चाहिए।
पुराने भवन के नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण पर निर्देश
मुख्यमंत्री ने बताया कि कालीदास रंगालय का पुराना भवन जर्जर हो चुका था, जिसको ध्यान में रखते हुए उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप इसका नवीनीकरण कराया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि रंगालय का सौंदर्यीकरण इस तरह किया जाए, जिससे कलाकारों और दर्शकों दोनों को बेहतर अनुभव मिल सके। परिसर के पुराने और जर्जर हिस्सों को हटाकर उसे आकर्षक और सुसज्जित स्वरूप देने पर भी उन्होंने जोर दिया।
हरियाली बढ़ाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने परिसर में वृक्षारोपण कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरियाली बढ़ने से यहां आने वाले कलाकारों और दर्शकों को प्राकृतिक वातावरण का अनुभव मिलेगा और परिसर और अधिक सुंदर दिखाई देगा।
वरीय अधिकारी रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव श्री प्रणव कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराज एस.एम. सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।


