बजट में पलायन रोकने की कोई ठोस योजना नहीं: तेजस्वी यादव

बोले– एक करोड़ नौकरी की घोषणा, लेकिन फंड और रोडमैप गायब

हाजीपुर।नेता प्रतिपक्ष और राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार बजट 2026-27 को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह बजट “घोषणाओं का पुलिंदा” है, लेकिन इसमें बिहार के सबसे बड़े संकट पलायन और बेरोजगारी से निपटने की कोई ठोस रणनीति नजर नहीं आती।

तेजस्वी ने कहा,
“सरकार एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार देने की बात कर रही है, लेकिन बजट में इसके लिए कोई स्पष्ट प्रावधान, कोई टाइमलाइन और कोई रोडमैप नहीं दिखता। जब तक संसाधन और योजना जमीन पर नहीं उतरेगी, तब तक यह सिर्फ कागजी वादा ही रहेगा।”

युवाओं के लिए रोजगार की दिशा गायब

उन्होंने कहा कि हर साल लाखों युवा बिहार से बाहर जाने को मजबूर हैं, क्योंकि राज्य में सम्मानजनक रोजगार के अवसर नहीं हैं। बजट में ऐसे किसी बड़े औद्योगिक या रोजगार मिशन की झलक नहीं दिखती, जो पलायन को रोक सके।

कटाव पीड़ितों को भी राहत नहीं

तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य की नदियों, खासकर गंगा और कोसी के किनारे कटाव से हर साल हजारों परिवार उजड़ जाते हैं।
“बजट में कटाव रोकने और प्रभावित किसानों व परिवारों के पुनर्वास के लिए भी कोई ठोस प्रावधान नहीं है,” उन्होंने कहा।

जनता के मुद्दों से दूर बजट

तेजस्वी के मुताबिक यह बजट बिहार के युवाओं, किसानों और विस्थापित परिवारों की जमीनी जरूरतों से कटा हुआ है।
उन्होंने कहा कि जब तक रोजगार, उद्योग और आपदा प्रबंधन को प्राथमिकता नहीं दी जाएगी, तब तक राज्य के हालात नहीं बदलेंगे।


तेजस्वी यादव ने बजट को “दिशाहीन” बताते हुए कहा कि इसमें भविष्य की नहीं, बल्कि सिर्फ राजनीतिक घोषणाओं की झलक है।

  • Related Posts