
दरोगा, भैसुर समेत 5 पहले से जेल में
सोनपुर (सारण)।नवविवाहिता सरिता प्रकाश की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
इस बहुचर्चित हत्याकांड के मुख्य आरोपी और मृतका के पति सत्येंद्र कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
यह वही मामला है, जिसमें हत्या के बाद शव को एक दरोगा की स्कॉर्पियो से लाकर मृतका के मायके के दरवाजे पर फेंक दिया गया था। इस दुस्साहस की तस्वीरें सीसीटीवी में कैद हुई थीं और वीडियो वायरल होने के बाद पूरे राज्य में हड़कंप मच गया था।
पति की गिरफ्तारी से खुल सकती है पूरी साजिश
हरिहरनाथ थाना अध्यक्ष ने पुष्टि की कि सत्येंद्र कुमार को गिरफ्तार कर सघन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का मानना है कि सत्येंद्र की गिरफ्तारी के बाद अब इस जघन्य हत्याकांड के पीछे की पूरी साजिश सामने आएगी।
पहले ही सलाखों के पीछे जा चुके हैं 5 आरोपी
इस केस में इससे पहले—
- मृतका का भैसुर
- और बिहार पुलिस का दरोगा संतोष रजक
सहित पांच आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने में जिस स्कॉर्पियो का इस्तेमाल हुआ था, वह दरोगा संतोष रजक की ही थी।
दरवाजे पर शव फेंकने का वीडियो हुआ था वायरल
17 जनवरी की रात, करताहा बुजुर्ग निवासी सरिता प्रकाश की हत्या कर दी गई थी।
इसके बाद आरोपियों ने उसे स्कॉर्पियो में डालकर सोनपुर के चिड़िया बाजार स्थित मायके के दरवाजे पर फेंक दिया।
पूरी वारदात सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
SIT कर रही है पूरे मामले की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए सारण के एसपी के निर्देश पर
सोनपुर के अपर एसपी प्रीतीश कुमार के नेतृत्व में SIT गठित की गई है।
मृतका के पिता ने पति सत्येंद्र सहित पांच लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई थी।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि बाकी संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
जल्द ही इस हत्याकांड की पूरी परतें खोलने का दावा पुलिस कर रही है।


