भागलपुर में बीते चार दिनों से लापता 60 वर्षीय धनंजय दास का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। उनका शव बरारी थाना क्षेत्र के मुसहरी घाट के पास गंगा नदी किनारे मिला। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान धनंजय दास के रूप में की।
परिजनों के अनुसार, धनंजय दास के भीखनपुर गुमटी नंबर दो स्थित हरिजन टोला के निवासी थे। वे सैंडिस कंपाउंड गेट के सामने सड़क किनारे मोची का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रोज की तरह वे घर से दुकान खोलने के लिए निकले थे, लेकिन न तो वे अपनी दुकान पहुंचे और न ही शाम तक घर लौटे।
काफी देर इंतजार के बाद परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कहीं से कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद बुधवार को इशाकचक थाना में धनंजय दास की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। परिजनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी उनकी तस्वीर और जानकारी साझा कर लोगों से मदद की अपील की थी।
इसी बीच देर रात एक अज्ञात व्यक्ति ने परिजनों को फोन कर सूचना दी कि बरारी थाना क्षेत्र के मुसहरी घाट के पास गंगा नदी में एक शव तैरता हुआ देखा गया है। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान धनंजय दास के रूप में की।
घटना की जानकारी मिलते ही बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे प्रशासन से मामले की गहन जांच की मांग कर रहे हैं।


