PM किसान योजना की 22वीं किस्त 13 मार्च को जारी, बिहार के 73 लाख से अधिक किसानों को मिलेगा लाभ

किसानों के खातों में DBT के जरिए ट्रांसफर होंगे 1467 करोड़ रुपये से अधिक

पटना: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को मिलने वाली 22वीं किस्त 13 मार्च 2026 को जारी की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के गुवाहाटी से देशभर के किसानों के बैंक खातों में यह राशि सीधे ट्रांसफर करेंगे। इस किस्त के माध्यम से बिहार के लाखों किसानों को भी आर्थिक सहायता मिलेगी।

राज्य के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार बिहार के 73.34 लाख से अधिक पात्र किसानों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से लगभग 1467 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी जाएगी। प्रत्येक पात्र किसान के खाते में 2000 रुपये की किस्त सीधे ट्रांसफर की जाएगी।

किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण योजना

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में दी जाती है।

उन्होंने कहा कि इस योजना से देशभर के करोड़ों किसानों को आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे खेती से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में उन्हें मदद मिलती है।

बिहार में पंजीकरण और सत्यापन की प्रक्रिया तेज

राम कृपाल यादव ने बताया कि बिहार सरकार भी यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है कि राज्य के अधिक से अधिक किसानों को इस योजना का लाभ मिल सके। इसके लिए किसानों का बड़े पैमाने पर पंजीकरण कराया जा रहा है।

इसके साथ ही किसानों के आधार सत्यापन और बैंक खातों को एनपीसीआई से लिंक कराने की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी की जा रही है, ताकि योजना की राशि सीधे किसानों के खातों में समय पर पहुंच सके।

किसानों से पंजीकरण कराने की अपील

कृषि मंत्री ने राज्य के उन किसानों से भी अपील की है जो अभी तक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से नहीं जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे किसान जल्द से जल्द अपना पंजीकरण कराएं और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें।

उन्होंने कहा कि इससे उन्हें भी इस योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता का लाभ मिल सकेगा और कृषि कार्यों में उन्हें सहूलियत मिलेगी।

  • Related Posts

    बालू माफियाओं पर डिप्टी CM विजय सिन्हा का ‘हंटर’! बीच में घाट छोड़ने वाली 78 कंपनियां होंगी ब्लैकलिस्ट; ‘बिहारी योद्धाओं’ ने बिगाड़ा खेल

    Share Add as a preferred…

    Continue reading