पटना (बख्तियारपुर)। तेज रफ्तार थार वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। हादसा बख्तियारपुर के रानीसराय फोरलेन पुल पर हुआ। बाइक सवार युवक सब्जी खरीदने जा रहे थे, तभी सामने से आ रही थार ने ट्रक को ओवरटेक करते हुए उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक चला रहे सुधांशु कुमार उर्फ कारू (32) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई नीतीश कुमार (30) पुल से करीब 30 फीट नीचे जा गिरा। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। दोनों युवक फुलेलपुर गांव (अथमलगोला थाना क्षेत्र) के रहने वाले थे।
स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, थार की स्पीड करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। टक्कर से बाइक के परखच्चे उड़ गए और थार की बॉडी भी क्षतिग्रस्त हुई। बावजूद इसके, सवार वाहन लेकर बाढ़ की ओर फरार हो गए। घटना के वक्त थार के पहिए से चिंगारी भी निकल रही थी।
फोरलेन पर एक ही लेन चालू, निर्माण अधूरा
मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन का उद्घाटन इसी साल मार्च में हुआ था, लेकिन हादसे की दर थम नहीं रही है। जिस पुल पर यह घटना हुई, वहां एक ही लेन चालू है, दूसरा अब भी निर्माणाधीन है। दर्जनों हादसे पहले ही इस फोरलेन पर हो चुके हैं।


