दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज की शुरुआत से पहले ही टीम इंडिया दो बड़ी समस्याओं से जूझ रही है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 जैसे-जैसे करीब आ रहा है, टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और उपकप्तान शुभमन गिल की बल्लेबाज़ी लगातार चिंता का विषय बनती जा रही है। उम्मीद थी कि यह सीरीज दोनों खिलाड़ियों के लिए फॉर्म में वापसी का मंच बनेगी, लेकिन पहले मैच की तरह दूसरे टी20 में भी दोनों ही बल्लेबाज़ नाकाम साबित हुए।
लगातार फ्लॉप हो रहे शुभमन गिल
उपकप्तान शुभमन गिल पहले टी20 में सिर्फ 4 रन बना पाए थे, जबकि दूसरे मुकाबले में वह अपना खाता भी नहीं खोल सके। पिछले 14 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की बात करें तो गिल केवल 263 रन ही बना पाए हैं, जिसमें एक भी अर्धशतक शामिल नहीं है। इस दौरान उनका औसत 23.90 और स्ट्राइक रेट 142.93 का रहा है।
गिल को लगातार मौके मिल रहे हैं, लेकिन महत्वपूर्ण मैचों में रन न बना पाने के कारण फैंस नाराज हैं। मुल्लांपुर में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अब सोशल मीडिया पर शुभमन गिल को प्लेइंग इलेवन से बाहर करने की मांग भी उठने लगी है। धर्मशाला में होने वाले तीसरे मैच में उन्हें आखिरी मौका दिया जा सकता है।
सूर्यकुमार यादव की फॉर्म भी चिंता का कारण
उपकप्तान गिल ही नहीं, कप्तान सूर्यकुमार यादव की फॉर्म भी टीम के लिए परेशानी की वजह बनी हुई है। पहले टी20 में उन्होंने 12 रन बनाए थे, जबकि दूसरे मैच में केवल 5 रन ही बना पाए।
पिछले 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों पर नजर डालें तो सूर्या ने सिर्फ 227 रन बनाए हैं। उनका औसत 13.35 और स्ट्राइक रेट सिर्फ 119.47 रहा है, जो उनके मानकों के अनुसार बेहद कम है।
टी20 वर्ल्ड कप से पहले कप्तान का इस तरह प्रदर्शन करना फैंस को बिल्कुल पसंद नहीं आ रहा, जिसके चलते सोशल मीडिया पर कप्तान को भी बाहर करने की मांग उठ रही है।


