सारण में शिक्षक की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

सारण, बिहार: जिले के पहलेजा थाना क्षेत्र के खरिका गांव में मंगलवार रात एक शिक्षक की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। ट्यूशन पढ़ाकर घर लौट रहे शिक्षक पर बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर हालत में उन्हें पीएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घर के पास अपराधियों ने बरसाई गोलियां

मृतक की पहचान खरिका निवासी अरविंद कुमार सिंह उर्फ सनोज सिंह (48 वर्ष) के रूप में हुई है। वह स्थानीय स्तर पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते थे। पुलिस के अनुसार, रात लगभग 9 बजे जब वह बाइक से घर लौट रहे थे, तभी घर से कुछ ही दूरी पर बदमाशों ने उन पर गोलियां दाग दीं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

तीन लाख के लेनदेन पर चल रहा था विवाद

मृतक के पिता पन्ना लाल सिंह ने बताया कि अरविंद का गांव के ही एक व्यक्ति से करीब तीन लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। परिवार का आरोप है कि इसी रंजिश में हत्या की गई है।

“मेरे बेटे का गांव के ही एक व्यक्ति से करीब तीन लाख रुपये को लेकर विवाद चल रहा था। उसी रंजिश में यह हत्या की गई है।” – पन्ना लाल सिंह, मृतक के पिता

पुलिस ने कहा है कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।

एसएसपी घटनास्थल पर, टीम गठित

घटना की जानकारी मिलते ही सारण के एसएसपी डॉ. कुमार आशीष, ग्रामीण एसपी, एसडीपीओ सोनपुर और पहलेजा थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और त्वरित कार्रवाई हेतु विशेष टीम गठित की।

एसएसपी ने कहा—

“अपराधियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।” – डॉ. कुमार आशीष, एसएसपी सारण

गांव में दहशत, पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग

हत्या की वारदात से खरिका और आसपास के गांवों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों में आक्रोश है और वे अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है।


 

  • Related Posts

    पूर्णिया भाजपा जिलाध्यक्ष विवाद: महिला नेत्री के साथ अभद्रता के बाद पद से हटाए गए मनोज सिंह, पार्टी ने भेजा सख्त संदेश

    Share Add as a preferred…

    Continue reading