
पाकिस्तान क्रिकेट टीम का विवादों से पुराना नाता रहा है और इस टी20 विश्व कप में भी यही रंग देखने को मिल रहे हैं। पाकिस्तान के ऑलराउंडर Shadab Khan ने नामीबिया के खिलाफ जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुछ ऐसे बयान दे दिए कि पूरे पाकिस्तान क्रिकेट में खलबली मच गई। उनके इस बयान के बाद टीम के पूर्व खिलाड़ी उन्हें सलाह देते हुए सामने आए और पाकिस्तान क्रिकेट में तू-तू, मैं-मैं का खेल शुरू हो गया।
पूर्व स्टार ऑलराउंडर Shahid Afridi ने शादाब के इस बयान पर तीखे शब्दों में जवाब दिया। अफरीदी ने कहा, “शादाब ने बिल्कुल ठीक कहा हम नहीं जीते, वो जीते हैं। उन्हें इज्जत मिली लेकिन वो लोग इज्जत संभाल नहीं पाए। इज्जत संभाल नहीं पाए का मतलब ये है कि उनके आपस में जो प्रॉब्लम थे उन्हें संभाल नहीं पाए। शादाब को ये भी पता होना चाहिए कि जब प्रदर्शन नहीं हो पा रहा था और उन्हें टीम में जगह नहीं मिल पा रही थी, तब हम ही लोग कहते थे कि शादाब बहुत खास है। उनके ओवर बहुत जरूरी हैं। बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। हम भी मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़े रहे और उनका समर्थन किया। शादाब बेटा, परफॉर्म करो और जवाब दो।”
टी20 विश्व कप में शादाब खान की वापसी इस टूर्नामेंट से हुई है। इससे पहले वो टीम से बाहर थे। वापसी के बाद चार मैच खेल चुके शादाब का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। गेंद और बल्ले दोनों से ही वो फ्लॉप रहे हैं। चार मैचों में उन्होंने कुल 88 रन बनाए और केवल 5 विकेट ही लिए। हालांकि नामीबिया के खिलाफ मैच में उनका प्रदर्शन थोड़ा सुधरा, लेकिन आगामी मुकाबलों में पाकिस्तान को उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।


