पाकिस्तान की टीम ने भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप स्टेज मुकाबले का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। पाकिस्तान सरकार की ओर से यह जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की गई थी। आईसीसी के शेड्यूल के मुताबिक यह हाईवोल्टेज मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है।
दिलचस्प बात यह है कि उसी दिन महिला राइजिंग एशिया कप में भी भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि महिला टीम को भारत के खिलाफ मैच न खेलने को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक एडवाइजरी जारी नहीं की गई है।
अलग-अलग टूर्नामेंट में अलग रुख
भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार को लेकर पाकिस्तान का दोहरा रवैया सामने आता दिख रहा है। 15 फरवरी को बैंकॉक में महिला राइजिंग एशिया कप के तहत भारत ए और पाकिस्तान ए की टीमें भिड़ेंगी। ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार इस टूर्नामेंट की तैयारियां तय कार्यक्रम के मुताबिक चल रही हैं।
13 फरवरी से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है और दोनों टीमों के बीच मुकाबला तय है। अब तक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से इस मैच को लेकर किसी तरह के बायकॉट का संकेत नहीं मिला है।
अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी हो चुका है मुकाबला
वर्तमान में जिम्बाब्वे और नामीबिया में अंडर-19 विश्व कप खेला जा रहा है, जिसमें भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में शामिल थे। दोनों टीमों के बीच मुकाबला भी हुआ, जिसमें भारतीय टीम ने 58 रनों से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गया।
ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जब पाकिस्तान अन्य आईसीसी और एशियाई टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ खेलने से पीछे नहीं हट रहा, तो फिर टी20 विश्व कप को लेकर इतना सख्त रुख क्यों अपनाया जा रहा है। क्रिकेट विशेषज्ञ इसे राजनीतिक दबाव और कूटनीतिक रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं।


