
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 38वें मुकाबले में जिम्बाब्वे ने श्रीलंका को 6 विकेट से हराकर सबको चौंका दिया। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मैच में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 178 रनों का स्कोर बनाया। जवाब में जिम्बाब्वे ने 19.3 ओवर में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 182 रन बनाकर जीत दर्ज की।
यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में दूसरी सबसे बड़ी रन चेज मानी जा रही है। इसके अलावा, जिम्बाब्वे ने टूर्नामेंट में पहली बार श्रीलंका को हराया और यह टीम का टूर्नामेंट में दूसरा बड़ा उलटफेर रहा, इससे पहले जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रनों से हराया था।
श्रीलंका की पारी: निसांका के अलावा कोई नहीं चला
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पाथुम निसांका और कुसल परेरा ने अच्छी शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 54 रन जोड़े। परेरा 14 गेंदों पर 22 रन बनाकर आउट हुए, वहीं कुसल मेंडिस ने 14 रन बनाए।
निसांका ने 41 गेंदों में 62 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके शामिल थे। पवन रत्नायके ने 44 रन बनाए। इसके बावजूद श्रीलंका 20 ओवर में 7 विकेट पर 178 रन ही बना सकी। जिम्बाब्वे की ओर से ब्लेसिंग मुजरबानी, ब्रैड इवांस और ग्रेमी क्रीमर ने 2-2 विकेट झटके।
जिम्बाब्वे की पारी: बेनेट और रजा की धुआंधार साझेदारी
179 रनों का लक्ष्य पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहतरीन रही। ओपनर्स ब्रायन बेनेट और तदिवानाशे मारुमानी ने पहले विकेट के लिए 69 रन जोड़े। मारुमानी 26 गेंदों पर 34 रन बनाकर आउट हुए।
ब्रायन बेनेट ने एक छोर संभाला रखा और रयान बर्ल के साथ 29 रन की साझेदारी की। इसके बाद कप्तान सिकंदर रजा ने बेनेट के साथ तीसरे विकेट के लिए 69 रन जोड़े और टीम की जीत पक्की कर दी।
- रजा: 26 गेंदों पर 45 रन
- बेनेट: नाबाद 63 रन, 48 गेंदों में
जिम्बाब्वे ने 19.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 182 रन बनाकर मैच जीत लिया। श्रीलंका की ओर से दुसन हेमंथा ने 2 विकेट लिए, जबकि दुसन शनाका और दुनिथ वेल्लागे को 1-1 सफलता मिली।
आगे की राह: भारत से होगी भिड़ंत
जिम्बाब्वे ने ग्रुप स्टेज में तीन मैच जीतकर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है। टीम का आयरलैंड के खिलाफ एक मैच बारिश के कारण रद्द हुआ था।
सुपर-8 मैच:
- 23 फरवरी: वेस्टइंडीज vs जिम्बाब्वे – मुंबई, वानखेड़े स्टेडियम
- 26 फरवरी: भारत vs जिम्बाब्वे – चेन्नई, एमए चिदंबरम स्टेडियम
- 1 मार्च: साउथ अफ्रीका vs जिम्बाब्वे – दिल्ली, अरुण जेटली स्टेडियम
जिम्बाब्वे की शानदार फॉर्म को देखते हुए क्रिकेट फैन्स इस टीम से बड़े उलटफेर की उम्मीद लगाए बैठें हैं।


