भारत और पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में एक बार फिर आमने-सामने होने जा रहे हैं। दोनों टीमों के बीच मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच से एक दिन पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में चल रही हैंडशेक कंट्रोवर्सी और पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले को लेकर खुलकर बात की।
हैंडशेक कंट्रोवर्सी पर क्या बोले सूर्या
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले कुछ समय से “नो हैंडशेक” का मुद्दा चर्चा में है। जब सूर्यकुमार यादव से पूछा गया कि क्या वह अगले मैच में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाएंगे, तो उन्होंने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा, “24 घंटे इंतजार कीजिए। पहले हम अच्छा क्रिकेट खेलेंगे, उसके बाद इस पर बात करेंगे।”
सूर्या के इस बयान से साफ है कि फिलहाल टीम इंडिया की प्राथमिकता सिर्फ मैच पर फोकस रखना है।
एशिया कप 2025 से शुरू हुआ नो हैंडशेक
नो हैंडशेक विवाद की शुरुआत एशिया कप 2025 के दौरान हुई थी, जब भारत और पाकिस्तान के बीच तीन मुकाबले खेले गए थे और भारतीय खिलाड़ियों ने हाथ नहीं मिलाया था। इसके बाद यह सिलसिला जारी रहा। केवल सीनियर पुरुष टीम ही नहीं, बल्कि इंडिया-ए, भारतीय महिला टीम और अंडर-19 टीम ने भी इस परंपरा को आगे बढ़ाया, जिससे यह मुद्दा और चर्चा में आ गया।
सलमान अली आगा ने भी दी थी प्रतिक्रिया
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने भी इस विवाद पर अपनी राय रखी थी। उन्होंने कहा था कि खेल को सौहार्दपूर्ण माहौल में खेला जाना चाहिए और उसी भावना के साथ खेलना बेहतर होता है।दोनों कप्तानों के बयानों से साफ है कि विवाद अपनी जगह है, लेकिन मैदान पर फोकस क्रिकेट पर ही रहेगा। फिलहाल दोनों टीमें टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन कर चुकी हैं और इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। अब सबकी नजरें इस बात पर भी टिकी हैं कि मैच के दिन हैंडशेक को लेकर क्या रुख अपनाया जाएगा और मैदान पर कौन सी टीम बाजी मारती है।


