अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में फैन्स को टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास का सबसे रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। टूर्नामेंट के 13वें मैच में साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच खेला गया मुकाबला इतना करीबी रहा कि नतीजा निकालने के लिए एक नहीं, बल्कि दो सुपर ओवर कराने पड़े। आखिरकार साउथ अफ्रीका ने दूसरे सुपर ओवर में जीत दर्ज की।
पहला सुपर ओवर रहा टाई
निर्धारित 20 ओवरों के बाद दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहा, जिसके बाद मैच सुपर ओवर में पहुंचा। पहले सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 17 रन बनाए। जवाब में ट्रिस्टन स्टब्स और डेवाल्ड ब्रेविस की आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर साउथ अफ्रीका ने भी 17 रन बना दिए और पहला सुपर ओवर टाई हो गया।
दूसरे सुपर ओवर में मिलर का तूफान
दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका की ओर से ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर बल्लेबाजी के लिए उतरे। मिलर ने विस्फोटक अंदाज दिखाते हुए ओवर में दो गगनचुंबी छक्के लगाए और टीम का स्कोर 23 रन तक पहुंचा दिया।
24 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही। मोहम्मद नबी पहली ही गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद रहमानुल्लाह गुरबाज ने लगातार तीन छक्के लगाकर मैच में जान डाल दी, लेकिन आखिरी गेंद पर वह बाउंड्री नहीं लगा सके और अफगानिस्तान लक्ष्य से चूक गया।
गुरबाज की शानदार पारी से टाई हुआ था मैच
इससे पहले 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान के ओपनर गुरबाज ने 42 गेंदों पर 84 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 7 छक्के शामिल थे। अंतिम ओवरों में अजमतुल्लाह उमरजई के 22 और राशिद खान के 20 रनों की बदौलत अफगान टीम 187 रन तक पहुंची और मैच टाई हो गया।
साउथ अफ्रीका की ओर से रयान रिकेल्टन ने 28 गेंदों पर 61 और क्विंटन डिकॉक ने 59 रनों की अहम पारियां खेलीं, जिससे टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मजबूत स्कोर खड़ा किया था।
रोमांच की नई मिसाल
यह मुकाबला टी-20 क्रिकेट के इतिहास के सबसे यादगार मैचों में शामिल हो गया है। डबल सुपर ओवर, बड़े शॉट्स और आखिरी गेंद तक चले सस्पेंस ने दर्शकों को बांधे रखा। इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी और मजबूत कर ली है।


