
टी20 विश्व कप 2026 अब अपने अंतिम चरण में है और सेमीफाइनल के लिए चार टीमें सुनिश्चित हो चुकी हैं। इनमें से भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाला दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले पर क्रिकेट फैंस की नजरें टिकी हुई हैं। दोनों टीमें इस टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में हैं और जब भी ये दो टीमें सेमीफाइनल में आमने-सामने होती हैं, रोमांचक मुकाबले देखने को मिलते हैं।
बारिश से प्रभावित हो सकता है मुकाबला
आईसीसी ने नॉकआउट मुकाबलों के लिए सभी तैयारियां पूरी कर रखी हैं। अगर 5 मार्च का मुकाबला बारिश की वजह से नहीं खेला जा पाता है, तो आईसीसी ने 6 मार्च को रिजर्व डे रखा है।
- अगर मैच शुरू हो जाता है लेकिन बारिश की वजह से पूरा नहीं हो पाता, तो बचे हुए ओवर उसी रिजर्व डे पर खेले जाएंगे।
- रिजर्व डे पर भी अगर बारिश होती है और मुकाबला पूरा नहीं हो पाता, तो इसका सीधा असर भारत की टीम पर पड़ेगा। ऐसी स्थिति में इंग्लैंड सीधे फाइनल में जगह बना लेगी।
ICC का नियम क्या कहता है?
आईसीसी पहले मैदान पर नतीजा निकालने की कोशिश करता है, लेकिन अगर मैच रद्द हो जाता है, तो सुपर 8 चरण में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम को फाइनल में जगह मिलती है।
- इंग्लैंड ने सुपर 8 में तीनों मुकाबले जीतकर बेहतरीन प्रदर्शन किया।
- भारत ने तीन में से केवल दो मैचों में जीत दर्ज की।
इसलिए, अगर मौसम ने साथ नहीं दिया, तो टीम इंडिया के लिए फाइनल में पहुंचना मुश्किल हो सकता है।


