टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मैच से फैंस का उत्साह चरम पर है। भारतीय टीम का पिछले एक साल से शानदार प्रदर्शन रहा है और एशिया कप में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को तीनों मैचों में हराकर यह साबित किया था कि वह हर परिस्थितियों में मजबूत है। लेकिन टीम इंडिया की कमजोरी को लेकर दिग्गज बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने नई चेतावनी दी है।
पुजारा ने बताई भारतीय टीम की कमी
हाल ही में ईएसपीएन क्रिकइंफो के शो में शामिल पुजारा ने कहा कि भारतीय बल्लेबाजों का स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ प्रदर्शन उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा। पुजारा ने कहा,
“मुझे लगता है कि काफी चीजों पर काम करने की जरूरत है। भारतीय टीम के पास काफी क्षमता है, लेकिन बल्लेबाजी ने उस स्तर को पूरा नहीं किया।”
उन्होंने आगे कहा कि यह टूर्नामेंट लंबा रहेगा और टीम मैनेजमेंट को बल्लेबाजों के क्रम और रणनीति पर खास ध्यान देना चाहिए। पुजारा ने विशेष रूप से 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच पर फोकस करने की सलाह दी।
पुजारा की रणनीति: कैसे करेगी टीम इंडिया काउंटर
चेतेश्वर पुजारा ने कोलंबो की पिच को चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा कि बड़े शॉट्स लगाना आसान नहीं होगा। उन्होंने बताया कि मिडल ओवर्स में स्पिनर एक्टिव रहेंगे, इसलिए भारतीय बल्लेबाजों को शॉट चयन में सतर्क रहना चाहिए। पुजारा ने कहा,
“बल्लेबाजों को स्ट्राइक रोटेट करने और कम जोखिम वाले शॉट्स पर ध्यान देना चाहिए। अगर पिच धीमी है और टर्न कर रही है, तो साधारण स्वीप शॉट या कवर के ऊपर से शॉट खेलना बेहतर होगा।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि दिल्ली की तुलना में कोलंबो की पिच पर ग्राउंड शॉट्स खेलने की ज्यादा जरूरत होगी।
टी20 वर्ल्ड कप के इस क्लैश को लेकर फैंस की उम्मीदें और उत्साह बढ़ते जा रहे हैं, और पुजारा की यह सलाह टीम इंडिया के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।


