पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अपनी सरकार के निर्देश पर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया था। इस फैसले के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने पीसीबी को अपने रुख पर पुनर्विचार करने की सलाह दी थी। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने भी पाकिस्तान से इस मुद्दे को सुलझाने का आग्रह किया था। अब इस मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है।
पीसीबी ने आईसीसी से साधा संपर्क
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संभावित कार्रवाई के डर से पीसीबी ने विवाद सुलझाने के लिए आईसीसी से बातचीत शुरू कर दी है। न्यूज 24 की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह बातचीत फिलहाल अनौपचारिक स्तर पर हुई है। माना जा रहा है कि पाकिस्तान इस मुद्दे पर धीरे-धीरे अलग-थलग पड़ता जा रहा है, जिसके चलते बोर्ड नरम रुख अपनाने पर मजबूर हुआ है।
दबाव में है पाकिस्तान टीम
टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलने हैं। टीम ने नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबला आखिरी ओवरों में जाकर जीता, जिससे उसकी तैयारियों और फॉर्म पर भी सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार पाकिस्तान के लिए खेल और कूटनीतिक—दोनों मोर्चों पर मुश्किलें खड़ी कर सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पीसीबी अपने फैसले पर कायम रहता है तो आईसीसी कड़े कदम उठा सकता है, जिसमें आर्थिक दंड या टूर्नामेंट से बाहर करने जैसी कार्रवाई भी शामिल हो सकती है। यही वजह है कि बोर्ड अब बीच का रास्ता निकालने की कोशिश में जुट गया है।


