टी20 विश्व कप 2026: भारत ने USA को 29 रनों से हराया – सूर्यकुमार यादव की तूफानी पारी, गेंदबाजों का दमदार प्रदर्शन

टी20 विश्व कप 2026 में भारत ने यूएसए के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करते हुए अपने अभियान को मजबूती से आगे बढ़ाया। भले ही भारतीय टीम को अच्छी शुरुआत नहीं मिल सकी, लेकिन सूर्यकुमार यादव की आक्रामक अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भारत ने 29 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

टॉप ऑर्डर रहा फ्लॉप, सूर्या ने संभाली पारी

भारतीय पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा गोल्डन डक पर आउट हो गए, जबकि ईशान किशन भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और 16 गेंदों में 20 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। तीसरे नंबर पर आए तिलक वर्मा ने 16 गेंदों में 25 रनों की उपयोगी पारी खेली, लेकिन टीम लगातार विकेट गंवाती रही।

इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने एक छोर संभालते हुए मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने 49 गेंदों में 84 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल थे। पावरप्ले में ही भारत 46 रन पर 4 विकेट गंवा चुका था, लेकिन सूर्या की सूझबूझ भरी बल्लेबाजी से टीम 20 ओवर में 161/9 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी।

यूएसए की ओर से शेडली वैन शाल्कविक ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 25 रन देकर 4 विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करते हुए USA ने टेके घुटने

162 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएसए की टीम की शुरुआत भी खराब रही। एंड्रीज गौस 9 गेंदों में 6 रन और सैतेजा मुक्कमल्ला 7 गेंदों में 2 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान मोनांक पटेल तो पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।

मिलिंद कुमार ने 34 गेंदों में 34 रन बनाकर संघर्ष किया, जबकि संजय कृष्णमूर्ति ने 31 गेंदों में 37 रनों की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।

भारतीय गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन

भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट लिए। अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने 2–2 विकेट लेकर यूएसए की बल्लेबाजी को पूरी तरह बिखेर दिया। अंततः यूएसए की टीम लक्ष्य से 29 रन दूर रह गई।

इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी और मजबूत कर ली है।


 

  • ये भी पढ़े..

    भागलपुर में सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता संपन्न, दो टीमों ने राज्य स्तरीय मुकाबले के लिए किया क्वालीफाई

    Share Add as a preferred…

    15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, इंटरनेशनल डेब्यू में तोड़ा सचिन-शेफाली का रिकॉर्ड

    Share Add as a preferred…