आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला खेला जाना है। लंबे समय से चल रही चर्चाओं और विवादों के बाद होने जा रहा यह मैच दुनियाभर के क्रिकेट फैंस की नजर में है। दोनों टीमें इस हाई-वोल्टेज मुकाबले के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं। मैच से पहले पाकिस्तान के कप्तान Salman Ali Agha ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई अहम बयान दिए, जिनमें भारतीय बल्लेबाज Abhishek Sharma का भी जिक्र रहा।
उस्मान तारिक के एक्शन पर उठे सवालों का जवाब
प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान अली आगा ने उस्मान तारिक के बॉलिंग एक्शन पर हो रहे विवाद पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा,
“आईसीसी ने उनका टेस्ट किया है और उन्हें दो बार क्लियर किया है। मुझे समझ नहीं आता कि इतना हंगामा क्यों हो रहा है। जब से उन्होंने खेलना शुरू किया है, लोग उनके एक्शन पर बात करते आए हैं, इसलिए उन्हें इसकी आदत है।”
अभिषेक शर्मा पर दिया बड़ा बयान
भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने हाल के मुकाबलों में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है। हालांकि उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस पर पाकिस्तानी कप्तान ने कहा,
“मुझे उम्मीद है कि अभिषेक शर्मा कल खेलेंगे। हम हमेशा सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ खेलना चाहते हैं। उम्मीद है कि वह पूरी तरह फिट होंगे।”
भारत के खिलाफ रिकॉर्ड पर बोले आगा
आईसीसी टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ पाकिस्तान का रिकॉर्ड ज्यादा अच्छा नहीं रहा है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आगा ने कहा,
“हमारा रिकॉर्ड भारत के खिलाफ अच्छा नहीं रहा है, लेकिन इतिहास बदला नहीं जा सकता। हर दिन एक नया मौका लेकर आता है और हम उसी सोच के साथ मैदान में उतरेंगे।”
कोलंबो की पिच पर स्पिनरों को मिल सकती है मदद
आगा ने यह भी संकेत दिए कि कोलंबो की पिच पर स्पिन गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। ऐसे में पाकिस्तान अपनी रणनीति उसी के अनुसार तैयार कर रहा है।
हैंडशेक विवाद पर दी प्रतिक्रिया
हैंडशेक विवाद पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा,
“मेरी निजी राय शायद ज्यादा मायने न रखे, लेकिन क्रिकेट वैसे ही खेला जाना चाहिए जैसे हमेशा खेला जाता है। यह उन पर निर्भर करता है कि वे क्या फैसला लेते हैं।”
भारत-पाकिस्तान का यह मुकाबला एक बार फिर रोमांच और दबाव से भरा होने वाला है, जहां दोनों टीमें जीत के इरादे से मैदान में उतरेंगी।


