भागलपुर | सुल्तानगंज-सुल्तानगंज पुलिस ने लगातार हो रही लूटपाट की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए चार कुख्यात लुटेरों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी न सिर्फ लूटकांड को अंजाम देते थे, बल्कि सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर दहशत भी फैलाते थे। पुलिस ने इनके पास से एक मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा, एक जिंदा गोली और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
कई जगहों पर किया लूटकांड
थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुंदन कुमार (घाट रोड, सुल्तानगंज), नितिश कुमार (गोपाल रोड, बिषहरी), प्रशांत कुमार (गोपाल रोड, बिषहरी) और आर्यन कुमार (शिवनंदनपुर) शामिल हैं।
इन सभी ने हाल ही में कांवरियों के साथ 25 सितंबर को लूटकांड किया था। इसके अलावा असरगंज के नारद पुल के पास टोटो चालक और एक मोटरसाइकिल चालक को भी निशाना बनाया था।
फायरिंग भी की थी
पुलिस जांच में सामने आया कि लूट के दौरान आरोपियों ने फायरिंग की थी। जिस मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया गया था, वह नौगछिया से चोरी की पाई गई। वहीं, मुंगेर के हिंरु दियारा से बरामद मोटरसाइकिल एक पुराने लूटकांड से जुड़ी हुई निकली। जांच में यह भी पता चला कि मुख्य आरोपी कुंदन कुमार यादव पहले भी मुंगेर में लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
सीसीटीवी से मिली सुराग
पुलिस ने थाना क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें कुंदन कुमार का लोकेशन और तस्वीर सामने आई। इसके बाद टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर सभी आरोपियों को धर दबोचा।
पुलिस टीम की भूमिका
इस बड़ी कार्रवाई में थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार के नेतृत्व में विष्णुदेव कुमार, संजय कुमार मंडल, आशुतोष कुमार, पवन कुमार समेत थाना की शस्त्र बल टीम शामिल रही।


