भागलपुर, 7 जुलाई 2025: सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के बालू घाट रोड स्थित शंकर सैलून के निकट मंटू मंडल की कांवर दुकान के गोदाम में देर रात भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसने दुकान के पूरे भंडार को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में कांवर सजावट सामग्री, दुकान का स्टॉक और गोदाम पूरी तरह जलकर राख हो गया।
15 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, आग से लगभग 15 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
परिवार पर टूटा आर्थिक संकट
आगजनी की इस घटना से मंटू मंडल और उनका परिवार सदमे में है। कांवर मेले के ठीक पहले इस प्रकार की क्षति ने पूरे परिवार को गहरा आर्थिक झटका दिया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि यह दुकान ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य स्रोत थी।
श्रावणी मेले के पहले बड़ा झटका
श्रावणी मेले के दौरान कांवर दुकानों की विशेष मांग रहती है और ऐसे समय में यह घटना सुल्तानगंज के कांवर व्यापारियों के लिए एक चेतावनी के रूप में देखी जा रही है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवज़ा देने की मांग की है।


