पटना, 11 जुलाई 2025:“माय भारत, पटना” द्वारा आयोजित तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम – Future Youth Leader Bootcamp का समापन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), पटना परिसर में हुआ। इस बूटकैम्प का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक सोच को विकसित करना था।
मुख्य अतिथि ने युवाओं को किया प्रेरित
समापन समारोह के मुख्य अतिथि दिघा विधानसभा के विधायक संजीव चौरसिया थे। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाने की प्रेरणा देते हुए कहा,
“युवाओं को चुनावी प्रक्रिया में भी जागरूक भूमिका निभानी चाहिए। विशेष पुनरीक्षण अभियान में मतदाता सूची को सही और पूर्ण बनाने में उनकी सक्रियता ज़रूरी है।”
उन्होंने यह भी बताया कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बिहार के सर्वांगीण विकास की दिशा में तेज़ी से काम हो रहा है।
विशिष्ट अतिथियों ने दिए मार्गदर्शन
आईसीएआर पटना के निदेशक (कार्यभार) आशुतोष उपाध्याय ने युवाओं से कहा कि
“सकारात्मक सोच और निडर विचार ही सफलता की कुंजी हैं। विद्यार्थियों को अनुशासन, संयम और निरंतर प्रयास से आगे बढ़ना चाहिए।”
अन्य विशिष्ट अतिथियों में अंकेश सक्सेना, नूतन लोढ़ा, प्रीत खंडोर (प्रशिक्षक), नवनीतम कुमार (प्रवक्ता, भाजपा) आदि शामिल रहे, जिन्होंने युवाओं से संवाद किया और उन्हें नेतृत्व कौशल, राष्ट्र निर्माण, टीमवर्क तथा सामाजिक सरोकारों पर प्रेरणादायक विचार साझा किए।
अध्यक्षीय संबोधन और धन्यवाद ज्ञापन
कार्यक्रम की अध्यक्षता माय भारत, पटना के उपनिदेशक सूर्यकांत कुमार ने की। उन्होंने कहा कि
“युवाओं को दिशा देने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की दिशा में यह बूटकैम्प एक सार्थक पहल है। सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों का सहयोग सराहनीय रहा।”
उन्होंने समापन सत्र में उपस्थित सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।
35 युवाओं ने लिया प्रशिक्षण में भाग
इस तीन दिवसीय बूटकैम्प में पटना जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 35 युवा प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में अपर्णा बाला, बब्लू कुमार और मिश्रीलाल ने समन्वय में योगदान दिया।
मंच संचालन चंदेश्वर पांडेय (असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर, राज्य कार्यालय, माय भारत, पटना) द्वारा किया गया।
बूटकैम्प का उद्देश्य
‘Future Youth Leader Bootcamp’ का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक नेतृत्व, लोकतांत्रिक भागीदारी, और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोड़ना था। इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं को न केवल जागरूकता मिलती है, बल्कि वे एक उत्तरदायी नागरिक के रूप में तैयार होते हैं।


