बिहार के शिवहर जिले में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रोजेक्ट बालिका विद्यालय की छात्राओं ने जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर दिया। बड़ी संख्या में छात्राएं धरने पर बैठ गईं और एक शिक्षक पर अभद्र व्यवहार व छेड़खानी के गंभीर आरोप लगाते हुए आरोपी शिक्षक को जेल भेजने की मांग की।
शिक्षक पर अभद्र व्यवहार का आरोप
छात्राओं का आरोप है कि स्कूल के एक शिक्षक की नीयत ठीक नहीं है और वह छात्राओं के साथ गलत व्यवहार करता है। एक छात्रा ने बताया कि शिक्षक अक्सर अनावश्यक सवाल पूछता है और डराने-धमकाने की कोशिश करता है।
ब्लैकमेल और बदतमीजी का आरोप
छात्राओं के अनुसार, शुक्रवार को एक छात्रा अपना मोबाइल चार्ज कर रही थी, तभी शिक्षक वहां पहुंचा और पूछताछ करने लगा कि किससे बात कर रही हो। जब छात्रा ने बात करने से इनकार किया तो शिक्षक ने बॉयफ्रेंड से बात करने का आरोप लगाते हुए परिजनों को बताने की धमकी दी।
छात्रा का कहना है कि डर के कारण उसने शिक्षक से परिजनों को न बताने की गुहार लगाई, लेकिन आरोप है कि इसके बाद शिक्षक ने अभद्र व्यवहार और गलत तरीके से छूने (बैड टच) की कोशिश की।
आरोपी शिक्षक को जेल भेजने की मांग
घटना से आक्रोशित छात्राएं शनिवार को डीएम कार्यालय पहुंचीं और धरने पर बैठ गईं। छात्राओं ने स्कूल प्रबंधन पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि जब कोई छात्रा बीमार होती है तो महिला शिक्षिका नहीं, बल्कि पुरुष शिक्षक को भेजा जाता है।
प्रधानाध्यापक ने जांच की बात कही
प्रोजेक्ट बालिका विद्यालय के प्रधानाध्यापक दीपक कुमार ने कहा कि जिस दिन की घटना बताई जा रही है, उस दिन वे छुट्टी पर थे। उन्हें शनिवार को मामले की जानकारी मिली है।
“मैं उस दिन स्कूल में नहीं था। अभिभावकों से बातचीत की जा रही है। मामले की जांच कराई जाएगी और वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार कार्रवाई होगी।”
— दीपक कुमार, प्रधानाध्यापक
एसडीएम के आश्वासन पर शांत हुई छात्राएं
डीएम कार्यालय परिसर में मौजूद एसडीएम अविनाश कुणाल ने छात्राओं को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक छात्राएं डीएम से मिलने की मांग पर अड़ी रहीं। बाद में एसडीएम द्वारा परिजनों से लिखित आवेदन देने और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिए जाने पर छात्राएं शांत हुईं।
“पीड़ित छात्रा और उसके परिजन लिखित आवेदन देंगे। आवेदन मिलते ही शिकायत दर्ज कर जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।”
— अविनाश कुणाल, एसडीएम, शिवहर


